35 Views
वरिष्ठ खेल पत्रकार संजय राय का निधन, विभिन्न हलकों में शोक की लहर
शिलचर, 27 फरवरी। प्रख्यात खेल पत्रकार संजय राय का गुरुवार रात लगभग 11 बजे लंबी बीमारी के बाद शिलचर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 56 वर्ष के थे। उनके निधन से पत्रकारिता जगत, विशेषकर खेल पत्रकारिता क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
स्वर्गीय संजय राय दैनिक दैनिक बार्तालिपि में खेल पत्रकार के रूप में कार्यरत थे। इससे पूर्व वे दैनिक युगशंख, दैनिक जनकंठ तथा प्रांतज्योति दैनिक सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएँ दे चुके थे। अपने निष्पक्ष लेखन, खेल विषयों की गहरी समझ और सौम्य व्यवहार के कारण वे पत्रकारिता जगत में अत्यंत सम्मानित थे।

वे अपने पीछे पिता सुकुमार राय, पत्नी संहिता राय और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं।
शुक्रवार को शिलचर श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इससे पूर्व इटखोला कालीबाड़ी रोड स्थित उनके निवास से पार्थिव शरीर को शिलचर प्रेस क्लब लाया गया, जहाँ प्रेस क्लब की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर प्रेस क्लब के सामान्य सचिव शंकर दे, वरिष्ठ पत्रकार तमोजीत भट्टाचार्य, रानू दत्ता, पीयूषकांति नाथ सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
इसके पश्चात जिला क्रीड़ा संघ परिसर में भी उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। रतन देव, ताज उद्दीन, अभिजीत भट्टाचार्य, देवाशीष सोम, वेदव्रत बनर्जी सहित अनेक खेल प्रेमियों और पत्रकारों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विश्वकल्याण पुरकायस्थ, गौतम तालुकदार, उत्तम साहा, विश्वजीत दत्ता, विक्रम सरकार समेत अन्य पत्रकारों ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
प्रेरणा भारती हिंदी दैनिक की ओर से वरिष्ठ पत्रकार दिलीप कुमार ने शिलचर श्मशान में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
संजय राय के आकस्मिक निधन से शिलचर के सामाजिक एवं पत्रकारिता जगत में शोक की गहरी छाया छा गई है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।





















