फॉलो करें

उधारबंद में सड़क की बदहाली पर भाजपा मंडल कार्यालय में ताला, युवक हिरासत में — क्षेत्र में तनाव

11 Views

उधारबंद में सड़क की बदहाली पर भाजपा मंडल कार्यालय में ताला, युवक हिरासत में — क्षेत्र में तनाव

उधारबंद (115 विधानसभा क्षेत्र)। भाजपा शासन में देशभर में सड़कों के अभूतपूर्व विकास के दावों के बीच उधारबंद के जेसी गर्ल्स हाईस्कूल रोड की करीब 300 मीटर लंबी गली लंबे समय से बदहाल पड़ी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कच्ची सड़क को पक्का करने और नियमित मरम्मत की मांग को लेकर विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं हुई।

रविवार सुबह इसी मुद्दे को लेकर क्षेत्र के कुछ लोगों ने भाजपा मंडल कार्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया। यह कार्यालय उसी इलाके में स्थित है, जहां से विधायक और पार्टी पदाधिकारी अक्सर आवागमन करते हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था, “प्रदीप के नीचे अंधेरा अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने लोकनाथ मंदिर से नवग्रह मंदिर तक के मार्ग, विशेषकर लगभग 300 मीटर हिस्से की दुर्दशा पर नाराजगी जताई। बरसात के दिनों में यह रास्ता अत्यंत खतरनाक हो जाता है और आवागमन मुश्किल हो जाता है।

घटना के बाद भाजपा मंडल की ओर से स्थानीय युवक राजेश नंदी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने राजेश को हिरासत में लेकर थाने ले आई। हालांकि, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग स्वतः थाने पहुंच गए और कहा कि जनसमस्या उठाने पर राजेश को अकेले पुलिस कार्रवाई का सामना नहीं करने दिया जाएगा। खबर लिखे जाने तक राजेश को थाने में बैठाकर रखा गया था और उनकी रिहाई की मांग को लेकर थाने के आसपास लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए सीआरपीएफ बल की तैनाती की गई।

प्रदर्शन के दौरान राजेश नंदी, देबा चक्रवर्ती, मंजु भट्टाचार्य और मून दास सहित अन्य ने मीडिया के सामने आरोप लगाया कि बार-बार आवेदन के बावजूद सड़क की नियमित मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे भविष्य में मतदान बहिष्कार पर भी विचार करेंगे।

वहीं क्षेत्रीय विधायक मिहिरकांति सोम ने भाजपा कार्यालय में ताला लगाने की घटना की कड़ी निंदा की और इसे अस्वीकार्य बताया। उन्होंने दावा किया कि सड़क निर्माण को लेकर संबंधित लोगों ने उनसे सीधे संपर्क नहीं किया।

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठने लगा है कि क्या वर्तमान मंडल पदाधिकारी पार्टी की साख और जनता के भरोसे को बनाए रखने में सफल हो पा रहे हैं।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल