शिलचर | 21 जुलाई –रविवार की शाम अरकटीपुर चाय बागान के खेल मैदान में इनर व्हील क्लब शिलचर सहेली की अध्यक्ष श्रीमती तानिया गोस्वामी की पहल और बागान प्रशासन के सहयोग से एक विशेष महिला प्रदर्शनी फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया।
इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले में अरकटीपुर चाय बागान और कुम्भा चाय बागान की महिला टीमों ने हिस्सा लिया। खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए अरकटीपुर की महिला टीम ने 2-0 गोल से विजय प्राप्त की।
मैच ऑफ द प्लेयर का खिताब कविता रिकियासन को मिला, जिन्हें ट्रॉफी प्रदान की प्रख्यात पत्रकार चयन भट्टाचार्य ने। विजेता टीम को सम्मानित किया अरकटीपुर चाय बागान के मैनेजर श्री माधवेंदु गोस्वामी, बागान पंचायत और स्टाफ के सदस्यों ने। वहीं, उपविजेता कुम्भा चाय बागान की महिला टीम को ट्रॉफी सौंपी इनर व्हील क्लब शिलचर सहेली की अध्यक्ष तानिया गोस्वामी ने।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए अरकटीपुर चाय बागान की दो मेधावी छात्राओं को, जिन्होंने माध्यमिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी प्राप्त की, प्रोत्साहन स्वरूप 5000-5000 रुपये की नगद राशि भेंट की गई। यह सम्मान भी श्रीमती तानिया गोस्वामी के हाथों प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब शिलचर सहेली की महासचिव अदिति सिन्हा, मेंटॉर श्रीमती शिल्पी घोष, कोषाध्यक्ष बंदना चक्रवर्ती, मीनू चौधरी, निकिता चौधरी सहित अन्य गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
इस आयोजन ने चाय बागानों में खेल और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम साबित किया।



















