शिलचर में नए इलेक्ट्रिक ऑटो चालकों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर जल्द, आर्थिक रूप से कमजोर चालकों को निःशुल्क सदस्यता
राजू दे, शिलचर।
शिलचर में इलेक्ट्रिक ऑटो चालकों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की गई है। रविवार को तारापुर रायगढ़ स्थित ऑल कछार इलेक्ट्रिक ऑटो ओनर्स एंड ड्राइवर्स एसोसिएशन के कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि नए इलेक्ट्रिक ऑटो चालकों के लिए विशेष ड्राइविंग प्रशिक्षण शिविर शीघ्र शुरू किया जाएगा।
पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2023 में स्थापित ऑल कछार इलेक्ट्रिक ऑटो ओनर्स एंड ड्राइवर्स एसोसिएशन कछार जिले की सबसे पुरानी इलेक्ट्रिक ऑटो यूनियन है। संगठन का मुख्य उद्देश्य इलेक्ट्रिक ऑटो चालकों की सुरक्षा, अधिकारों की रक्षा और उनके आर्थिक-सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि चालकों को नाममात्र शुल्क पर सदस्यता प्रदान की जा रही है, जिसके लिए ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड तथा वाहन के वैध कागजातों की जांच की जा रही है। वहीं, आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर इलेक्ट्रिक ऑटो चालकों को पूरी तरह निःशुल्क सदस्यता दी जा रही है।
एसोसिएशन ने आगे बताया कि भविष्य में चालकों के कल्याण हेतु कई योजनाएं लागू की जाएंगी, जिनमें सबसे प्रमुख नए चालकों के लिए विशेष ड्राइविंग प्रशिक्षण शिविर है। यह प्रशिक्षण शिविर आगामी दिनों में शुरू किया जाएगा, जिससे नए चालकों को सुरक्षित और नियमबद्ध तरीके से वाहन संचालन का प्रशिक्षण मिल सकेगा।





















