फॉलो करें

हाथीछोड़ा–मधुराघाट जर्जर सड़क को डबल लेन में बदलने की मांग

32 Views

हाथीछोड़ा–मधुराघाट जर्जर सड़क को डबल लेन में बदलने की मांग

न्यू बाजार में शुरू हुआ हस्ताक्षर अभियान

बड़खोला (काछार):
बड़खला विधानसभा क्षेत्र के मुरलीधर जीपी अंतर्गत न्यू बाजार से शनिवार को हाथीछोड़ा–मधुराघाट जर्जर सड़क को डबल लेन में परिवर्तित करने की मांग को लेकर एक हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का नेतृत्व स्थानीय समाजसेवी तन्मय पुरकायस्थ ने किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मधुराघाट से हाथीछोड़ा तक की यह सड़क वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में है। सड़क की मरम्मत और विस्तार नहीं होने के कारण लगभग 20 गांवों के करीब 40 हजार लोग प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

अभियान के दौरान तन्मय पुरकायस्थ ने बताया कि बरसात के मौसम में सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे यातायात ठप हो जाता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर संग्रह के बाद कछार के जिला आयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि सड़क के चौड़ीकरण एवं डबल लेन निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू हो सके। अभियान समाप्त होने से पूर्व ही ज्ञापन सौंपने की योजना है।

दूधपाटिल, मधुराघाट, हाथीछोड़ा सहित करीब 20 गांवों के निवासी इस सड़क की बदहाली से गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, अस्पताल जाने वाले मरीज और रोजमर्रा के बाजार कार्य सभी इस खराब सड़क के कारण प्रभावित हो रहे हैं।

एक स्थानीय निवासी ने बताया, “हर दिन जोखिम उठाकर चलना पड़ता है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए स्थिति और भी खतरनाक है। कई बार सरकार से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।”

क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में लगातार वृद्धि से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित होगा और जल्द ही इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान किया जाएगा।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल