128 Views
मानव उत्थान सेवा समिति, शिलचर द्वारा परमपूज्य श्रद्धेय श्री विभु जी महाराज का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
मानव उत्थान सेवा समिति, शिलचर के तत्वावधान में दिनांक २७ जनवरी २०२६ को मानव धर्म आश्रम, आतुतोष लेन, सुनाई रोड, शिलचर में प्रख्यात समाजसेवी एवं मानव धर्म के प्रणेता परमपूज्य सद्गुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज के ज्येष्ठ पुत्र परमपूज्य श्रद्धेय श्री विभु जी महाराज का 44वाँ पावन जन्मोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया।
इस शुभ अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्षा एडवोकेट श्रीमती सुस्मिता पुरकायस्थ, जिला सचिव (जनरल सेक्रेटरी) श्रीमती रोमा दे, महिला मोर्चा न्यू शिलचर मंडल की अध्यक्षा सहेली देब, उपाध्यक्ष श्रीमती रूपा घोष, आशुतोष लेन डेवलपमेंट कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट श्री देबोब्रत देब, उपाध्यक्ष एवं अवकाश प्राप्त टी.टी.ई. तथा वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता श्री अनिल कुमार घोष, अवकाश प्राप्त आरएसएस एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री कानु देबराय सहित अनेक गण्यमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से आश्रम प्रभारी पूज्य महात्मा नेहा बाई जी ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित एवं स्वागत किया।
अपने संबोधन में मानव धर्म आश्रम, शिलचर की प्रभारी पूज्य महात्मा नेहा बाई जी ने कहा कि महापुरुष जब भी धरती पर अवतरण लेते हैं, वे किसी विशेष जाति या धर्म के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए आते हैं।
उन्होंने बताया कि परमपूज्य सद्गुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज एवं परम श्रद्धेय श्री विभु जी महाराज की प्रेरणा से मानव उत्थान सेवा समिति देश-विदेश में मिशन एजुकेशन के अंतर्गत जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सामग्री तथा मिशन मेडिसिन के अंतर्गत जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयाँ वितरित कर रही है, जिसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी स्थान प्राप्त हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों द्वारा मधुर भजन, सोहर एवं बधाई गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसे सुनकर श्रोतागण मंत्रमुग्ध हो गए।



















