माकुम में बाबा गणिनाथ जी सार्वजनिक छठ पूजा घाट का भूमि पूजन एवं शिलान्यास संपन्न
माकुम, 29 जनवरी 2026:
अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा, माकुम नगर शाखा के तत्वावधान में मध्यदेशीय वैश्य समाज के कुलगुरु बाबा गणिनाथ जी के नाम पर प्रस्तावित सार्वजनिक छठ पूजा घाट के भूमि पूजन एवं शिलान्यास का भव्य कार्यक्रम मंगलवार को माकुम के बेटजान रोड स्थित संस्था की भूमि पर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सर्व समाज के महिला-पुरुषों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम में असम सरकार के असम हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष पुलक गोहाई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ माकुम म्युनिसिपल बोर्ड के पूर्व सभापति पनब चेतिया, हॉपजान ग्राम पंचायत के अबू तांती, तिनसुकिया जिला परिषद की उपसभानेत्री श्रीमती चित्रलेखा, हाफजान ग्राम पंचायत की उपसभानेत्री श्रीमती प्रीति सतनामी, बारेकुरी ग्राम पंचायत के अध्यक्ष नवज्योति चेतिया, माकुम म्युनिसिपल बोर्ड के उपसभापति तीर्थराज प्रसाद कानू, वार्ड नंबर दो के पार्षद अमर ज्योति काकोती सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
भूमि पूजन का कार्य डब्बू कानू द्वारा संपन्न कराया गया, जबकि शिलान्यास असम हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष पुलक गोहाई ने प्रणव चेतिया, अबू तांती एवं अन्य समाजसेवियों के साथ किया।
छठ घाट निर्माण समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश कानू ने अपने संबोधन में घाट निर्माण की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से इस घाट का निर्माण शीघ्र पूर्ण किया जाएगा और इस वर्ष की छठ पूजा नए घाट पर भव्य रूप से आयोजित करने का लक्ष्य है।
मुख्य अतिथि पुलक गोहाई ने छठ पर्व को सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए कहा कि आज छठ पूजा किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह पूरे समाज द्वारा श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाने वाला महापर्व बन चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री श्री सर्वानंद सोनोवाल व्यस्तता के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उनके प्रतिनिधि के रूप में संसद निधि से छठ घाट निर्माण हेतु पाँच लाख रुपये की राशि आवंटित किए जाने की घोषणा की।
कार्यक्रम को पनब चेतिया सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। अंत में निर्माण समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश कानू ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी मातृशक्ति, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




















