कालीनगर चाय बागान नाचघर में ‘एक कली दो पत्ते’ योजना के तहत चेक वितरण
जीपी अध्यक्ष व मंडल अध्यक्ष ने लाभार्थियों को सौंपे चेक
गौतम सरकार, सनबिल | 29 जनवरी :
भैरव नगर मंडल के अंतर्गत कालीनगर ग्राम पंचायत में बुधवार को कालीनगर चाय बागान के नाचघर में ‘एक कली दो पत्ते’ योजना के तहत 549 चाय बागान श्रमिकों के बीच चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जीपी अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष की उपस्थिति में लाभार्थियों को चेक सौंपे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भैरव नगर मंडल अध्यक्ष हीरेश विश्वास ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम सरकार चाय बागान श्रमिकों के कल्याण के लिए विशेष रूप से कार्य कर रही है। सरकार का मुख्य उद्देश्य बागान क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विकास करना तथा श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा को सशक्त बनाना है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के सहयोग और विधायक विजय मालाकार की सक्रिय पहल से बागान क्षेत्रों में आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थापना, नई सड़कों का निर्माण सहित कई विकासात्मक कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।
वहीं ग्राम पंचायत अध्यक्ष सत्यजीत देव ने कहा कि ‘एक कली दो पत्ते’ योजना के अंतर्गत प्रत्येक चाय बागान श्रमिक को ₹5,000 की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले किसी भी सरकार ने चाय बागान क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के ठोस कदम नहीं उठाए थे। वर्तमान सरकार ने बागान श्रमिकों के बच्चों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण की सुविधा भी प्रदान की है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में चाय बागान क्षेत्रों की उपेक्षा की गई और श्रमिक अनेक कठिनाइयों से जूझते रहे। उस समय न तो कोई सरकारी सुविधा थी और न ही स्थायी विकास की पहल। केवल चुनाव के समय ही श्रमिकों को याद किया जाता था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद ही बागान क्षेत्रों में वास्तविक विकास कार्य शुरू हुए हैं।
इस कार्यक्रम में कालीनगर एवं राजारामपुर चाय बागान के जनरल मैनेजर मोयन पाल चौहान, सीनियर असिस्टेंट मैनेजर दिलीप कुमार सिंह, असिस्टेंट मैनेजर सुभाष सिंह, उमेश ग्वाला, भाजपा के अन्य कार्यकर्ता तथा ब्लॉक कार्यालय के कर्मचारी भी उपस्थित थे।




















