शिलचर के कालीबाड़ी चर में विशाल ‘हिंदू सम्मेलन’ का आयोजन,
धार्मिक एकता और समाजसेवा पर दिया गया ज़ोर
शिलचर के कालीबाड़ी चर में धार्मिक चेतना और सामाजिक एकजुटता के उद्देश्य से एक विशाल ‘हिंदू सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। स्थानीय नागरिकों की स्वस्फूर्त और व्यापक भागीदारी से यह सम्मेलन पूरी तरह सफल रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं मध्य कछार ज़िले की जिला सेवा प्रमुख एवं राष्ट्र सेविका समिति की जिला बौद्धिक प्रमुख केयाज्ञली देवी, जिन्होंने अपने प्रेरणादायी प्रवचन में हिंदू समाज की एकता, धर्म की रक्षा तथा समाजसेवा के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।
सम्मेलन की अध्यक्षता आयोजक समिति के अध्यक्ष शुक्कुर मणि दास ने की, जबकि कार्यक्रम का कुशल संचालन शिलचर नगर के शारीरिक प्रमुख सागर दास ने किया।
इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में शिलचर नगर के नगर प्रचारक सुमित दास, सुमंत नाथ सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज में धार्मिक जागरूकता बढ़ाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
स्थानीय नागरिकों ने इस प्रकार के आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

















