88 Views
माघी पूर्णिमा के शुभ अवसर पर शिवालय मंदिर प्रांगण में सार्वजनिक रुद्राभिषेक कार्यक्रम संपन्न
गौहाटी, 02 फरवरी: पावन माघी पूर्णिमा के शुभ अवसर पर हाथीगाँव स्थित अलकानंद शर्मा हाइट्स के शिवालय मंदिर प्रांगण में एक भव्य सार्वजनिक रुद्राभिषेक कार्यक्रम अत्यंत सफलता और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
गुवाहाटी महानगर के वैदिक कर्मकांड पूजा-पाठ एवं यज्ञ प्रतिष्ठान केंद्र के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में हाथीगाँव क्षेत्र के असंख्य श्रद्धालु भक्तों ने गहरी आस्था, भक्ति एवं उत्साह के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान भक्तों द्वारा भगवान भोलेनाथ का जलधारा, दुग्धधारा एवं पंचामृत से विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। हजारों बेलपत्रों एवं सुगंधित पुष्पों से भगवान शिव का मनोहारी श्रृंगार किया गया। साथ ही अखंड ज्योति प्रज्वलित कर श्रद्धालुओं ने भगवान से कल्याण एवं आशीर्वाद की कामना की।
इस पावन अवसर पर आयोजित खिचड़ी भोग भंडारे में सहभागिता कर भक्तों ने भगवान के चरणों में भोग अर्पित किया। “हर हर महादेव” के गगनभेदी उद्घोष से संपूर्ण हाथीगाँव क्षेत्र गूंज उठा, मानो उस क्षण विश्वनाथ धाम स्वयं सजीव हो उठा हो।
श्रद्धालुओं ने भविष्य में भी भगवान शिव की असीम कृपा से इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों को और अधिक भव्य एवं श्रद्धापूर्ण रूप में संपन्न करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु श्री गोपाल काफ्ले तथा अलकानंद शर्मा हाइट्स आवासी समिति द्वारा उपस्थित समस्त भक्तजनों के प्रति हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया तथा भगवान भोलेनाथ से सभी पर सदैव अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की गई।





















