29 Views
श्रीहट्ट सम्मिलनी के 150वें स्थापना वर्ष पर सांसद कृपानाथ मल्लाह ने दी शुभकामनाएँ
विशेष संवाददाता, नई दिल्ली: असम के करीमगंज लोकसभा क्षेत्र से सांसद कृपानाथ मल्लाह ने श्रीहट्ट सम्मिलनी (सिलहट यूनियन) के आगामी 150 वें स्थापना वर्ष के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएँ व्यक्त की हैं। यह ऐतिहासिक आयोजन 7 फ़रवरी, 2026 से कोलकाता में वर्ष-भर चलने वाले कार्यक्रमों के साथ शुरू होगा।
सांसद मल्लाह ने इस अवसर को संपूर्ण सिलहटी समाज के लिए गौरव और कृतज्ञता का क्षण बताते हुए कहा कि वर्ष-भर आयोजित होने वाले विविध कार्यक्रम श्रीहट्ट सम्मिलनी की समृद्ध विरासत को और अधिक सुदृढ़ करेंगे तथा समाज के प्रति संस्था के दीर्घकालीन योगदान को नई पहचान देंगे।
श्रीहट्ट सम्मिलनी की स्थापना 1876 में दूरदर्शी और राष्ट्रवादी नेताओं—डॉ. सुंदरी मोहन दास, बिपिन चंद्र पाल और स्वामी संतदास बाबाजी के नाम से प्रसिद्ध तारकिशोर चौधुरी—द्वारा की गई थी। सेवा, एकता और राष्ट्रीय चेतना के मूल्यों को आधार बनाकर संगठन ने अपनी यात्रा प्रारंभ की।
बाद के वर्षों में गुरुसदय दत्त और डॉ. त्रिगुण सेन जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय व्यक्तित्वों के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संगठन और अधिक सशक्त हुआ तथा उसे अखिल भारतीय स्तर पर व्यापक स्वीकृति प्राप्त हुई।
लगभग डेढ़ शताब्दी से श्रीहट्ट सम्मिलनी अपने संस्थापक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्ध रहकर शिक्षा के प्रसार, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। साथ ही, भारत और विश्व के विभिन्न हिस्सों में निवासरत सिलहटी समुदाय को एक सूत्र में बाँधने में भी संगठन की अहम भूमिका रही है, ऐसा संस्था सूत्रों ने बताया।



















