शिलचर में आरएसएस की प्रबुद्ध नागरिक संगोष्ठी संपन्न, दत्तात्रेय होसबाले का नागरिक कर्तव्यों पर जोर
विशेष प्रतिनिधि शिलचर, 07 फरवरी:
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में दक्षिण असम प्रांत, मध्य कछार जिले के तत्वावधान में आयोजित प्रबुद्ध नागरिक संगोष्ठी शनिवार सायं शिलचर स्थित गुरुचरण विश्वविद्यालय प्रेक्षागृह में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम में संघ के माननीय सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले ने शिलचर के प्रमुख एवं प्रबुद्ध नागरिकों को संबोधित किया।

अपने संबोधन में श्री होसबाले ने कहा कि देश और समाज की उन्नति केवल सरकारों के प्रयास से ही संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध होना आवश्यक है। उन्होंने सामाजिक समरसता, राष्ट्रहित और सकारात्मक नागरिक सहभागिता को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में समाज के प्रत्येक वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण है और जब नागरिक अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हैं, तभी एक सशक्त, आत्मनिर्भर और संगठित भारत का निर्माण संभव होता है।
कार्यक्रम में मध्य काछाड़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रमुख नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। संगोष्ठी के माध्यम से समाज में जागरूकता, अनुशासन और सेवा भाव को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों में प्रांत संघ चालक ज्योत्सनामय चक्रवर्ती, विभाग सघचालक मृदुल धर तथा जिला संघचालक शेखर रंजन नाथ उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन महिला महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ सुजीत तिवारी ने किया एवं स्वागत वक्तव्य जिला संघचालक शेखर रंजन नाथ एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला कार्यवाह शंकर कुमार दास ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट व्यक्तियों में क्षेत्र कार्यवाह राजेंद्र सिंह, प्रांत प्रचारक गौरांग राय, ज्योतिषाचार्य पंडित आनंद शास्त्री, हिंदू परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी पूर्ण चंद मंडल, राष्ट्र सेविका समिति की केंद्रीय अधिकारी श्रीमती सुपर्णा देव, संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता शंकर भट्टाचार्य, विजन नाथ, रामब्रत नुनिया, संतोष राय, विशिष्ट व्यवसायी महावीर जैन सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।



















