लक्षीपुर में घर-घर झंडा अभियान, स्पेशल रिवीजन को लेकर कांग्रेस का आक्रोश
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए लक्षीपुर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को बिन्नाकांडी ब्लॉक कांग्रेस के नेतृत्व में छोटा महमदा क्षेत्र में मतदाताओं के घर-घर जाकर पार्टी का झंडा लगाने का अभियान चलाया गया।
इस कार्यक्रम में बिन्नाकांडी ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष प्रकाश त्रिवेदी, लक्षीपुर विधानसभा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल पांडे तथा असम प्रदेश कांग्रेस कमिटी के ट्रेड एंड कॉमर्स प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष एवं लक्षीपुर विधानसभा से संभावित कांग्रेस प्रत्याशी जय सिंह सहित कई पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद नेताओं ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए मतदाता सूची के स्पेशल रिवीजन को लेकर कड़ा विरोध जताया। नेताओं का आरोप है कि इस प्रक्रिया को एक विशेष समुदाय को निशाना बनाकर चलाया गया है। उनका दावा है कि कछार जिला के सात विधानसभा क्षेत्रों में से लक्षीपुर में दूसरी सबसे अधिक मतदाता कटौती हुई है, जहां कुल 3,740 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
इसके अलावा नेताओं ने गौरव गोगोई के बराक घाटी में प्रवेश पर लगाए जा रहे प्रतिबंध के दावों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि यदि गौरव गोगोई बराक घाटी का दौरा करते हैं, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उनका गर्मजोशी से स्वागत करेंगे।




















