लखीपुर में शहरी जल आपूर्ति परियोजना का शुभारंभ, 7 वार्डों के 3300 परिवारों को मिलेगा शुद्ध पेयजल
काछार जिले के लखीपुर नगर में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बहुप्रतीक्षित शहरी जल आपूर्ति परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से परियोजना का उद्घाटन किया।
यह परियोजना के अंतर्गत क्रियान्वित की गई है। उद्घाटन अवसर पर लखीपुर नगर पालिका के अध्यक्ष मृणाल कांति दास ने शिलापट्ट का अनावरण कर परियोजना को जनता को समर्पित किया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी योजना के निर्माण पर कुल 19 करोड़ 9 लाख 85 हजार रुपये की लागत आई है। प्रथम चरण में लखीपुर नगर के 7 वार्डों के लगभग 3300 परिवारों को नियमित और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
वर्षों से जल संकट से जूझ रहे नगरवासियों के लिए यह परियोजना राहत और सुविधा का संदेश लेकर आई है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे शहर की मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
नगर पालिका प्रशासन ने जानकारी दी है कि जल आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उपभोक्ता 9481020259 नंबर पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
प्रशासन और स्थानीय लोगों को विश्वास है कि इस परियोजना के माध्यम से लखीपुर में नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार होगा और शहर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।




















