उधारबंद क्षेत्र में एक प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम बना विवाद का कारण
निहार कांति राय, प्रेरणा भारती, उधारबंद, 23 फरवरी:
उधारबंद क्षेत्र में सोमवार को एक प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम उस समय विवाद का कारण बन गया, जब स्थानीय लोगों ने अधूरे निर्माण कार्य के विरोध में कार्यक्रम रुकवा दिया।
सोमवार को उधारबंद के विधायक द्वारा केंद्र सरकार की स्किल डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत निर्मित चार जगन्नाथ मंदिर सह कम्युनिटी हॉल का औपचारिक उद्घाटन किया जाना था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टिकल चाय बागान (नाचघर क्षेत्र) तथा कुम्भा पातीछोड़ा चाय बागान में निर्मित कम्युनिटी हॉल का उद्घाटन विधिवत संपन्न हुआ।
हालांकि, आयनाछोड़ा चाय बागान स्थित जगन्नाथ मंदिर सह कम्युनिटी हॉल का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने के बावजूद उद्घाटन की तैयारी किए जाने पर स्थानीय लोगों में असंतोष फैल गया। विरोधस्वरूप ग्रामीणों ने भवन के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया, जिसके चलते वहां का उद्घाटन कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।
विशेष सूत्रों के अनुसार, स्थानीय निवासियों का कहना था कि जब तक निर्माण कार्य पूर्ण रूप से समाप्त नहीं हो जाता, तब तक उद्घाटन नहीं किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में अन्य गणमान्य व्यक्तियों में मुकूल तांती, पातीछोड़ा जीपी की सभानेत्री सीमा तांती, शालगंगा जिला परिषद सदस्या दीप्ति शुक्लवैद्य, उधारबंद जिला परिषद सदस्य रोहित सिंह तथा मंडल सचिव अर्णब भट्टाचार्य उपस्थित थे।
घटना के बाद क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।




















