फॉलो करें

हाइलाकांदी में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की बड़ी संभावना  प्रस्ताव मिलने पर अनुदान पर विचार करेगा केंद्र: जयंत चौधरी

40 Views
हाइलाकांदी में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की बड़ी संभावना  प्रस्ताव मिलने पर अनुदान पर विचार करेगा केंद्र: जयंत चौधरी
प्रीतम दास हाइलाकांदी २५ फरवरी:
केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने बुधवार को हाइलाकांदी का दौरा कर आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत क्रियान्वित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ आयोजित एक समीक्षा बैठक में उन्होंने जिले की समग्र विकास गतिविधियों पर संतोष व्यक्त किया।बैठक में ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित वस्तुओं की गुणवत्ता का अवलोकन करते हुए मंत्री ने कहा कि यदि हाइलाकांदी से खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में बड़े स्तर की सुव्यवस्थित परियोजना का प्रस्ताव प्राप्त होता है, तो केंद्र सरकार की ओर से अनुदान देने के विषय पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा। इससे जिले की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और सुदृढ़ होगी, ऐसा उन्होंने विश्वास जताया।बैठक में बताया गया कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में वर्तमान में ३६ परियोजनाएं तीव्र गति से कार्यान्वित हो रही हैं। लाला में एक कम्युनिटी हेल्थ सेंटर की स्थापना से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वहीं, काटलीछोड़ा में बर्थ वेटिंग होम शुरू होने से घर पर प्रसव की दर में कमी आई है और संस्थागत प्रसव में वृद्धि हुई है।
पशुपालन क्षेत्र में जिले के ६०.३५प्रतिशत पशुओं को कृत्रिम गर्भाधान के दायरे में लाया गया है तथा ३७.८५ प्रतिशत पशुओं का टीकाकरण किया गया है। कृषि क्षेत्र में अब तक जिले की १०.६१ प्रतिशत कृषि भूमि को माइक्रो-इरिगेशन के तहत लाया जा चुका है।इसके अतिरिक्त एस.एस. कॉलेज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित एक इनोवेशन हब स्थापित करने हेतु १० करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत गत वर्ष जिले में ७४ तथा चालू वित्त वर्ष में ३७ लाभार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।मंत्री ने जिले के लगभग ६५ हजार स्वयं सहायता समूह सदस्यों द्वारा निर्मित उत्पादों की सराहना की। बाद में प्रशासन की ओर से उन्हें सोयाबीन से निर्मित टोफू पनीर, मोरिंगा (सहजन) पाउडर, रोजेला चाय तथा विभिन्न प्रकार के अचार सहित स्थानीय उत्पाद भेंट किए गए।बैठक में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी राहुल पाचरी, सीएसटीएआर के अधिकारी टी. रघुलन, एनएसडीसी की कंसल्टेंट स्वाती राहल, जिला आयुक्त अभिषेक जैन, डीडीसी नरसिंग बे तथा जिला परिषद की सीईओ रूथलियेंगथांग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल