चार विकेट से जीता आज़ाद हिंद क्लब
गौतम सरकार, शनबिल, 26 फरवरी: अभिजीत सरकार एवं प्रद्युतनाथ सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के गुरुवार को खेले गए मुकाबले में आज़ाद हिंद क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट से जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सृजन क्लब की टीम 28.1 ओवर में 10 विकेट खोकर 179 रन पर सिमट गई। टीम को 24 रन अतिरिक्त के रूप में मिले। सृजन क्लब की ओर से अरिजीत दत्त ने 43 रन, अनूपम चौधरी ने 16 रन तथा प्रकाश सिन्हा ने 35 रन का योगदान दिया। इस सत्र में देखा जा रहा है कि सीनियर डिवीजन लीग के कई मुकाबलों में ओपनिंग बल्लेबाज़ अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। आज़ाद हिंद क्लब की ओर से राजन गोस्वामी ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि बिपन बरई ने 2 विकेट हासिल किए।
180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आज़ाद हिंद क्लब की शुरुआत सामान्य रही, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज़ों ने जिम्मेदारी संभालते हुए टीम को जीत की ओर अग्रसर किया। करुणा चंद्र नाथ ने शानदार 87 रन की पारी खेली, जबकि बिपन बरई ने 23 रन जोड़े। टीम को 24 रन अतिरिक्त के रूप में प्राप्त हुए। आज़ाद हिंद क्लब ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 180 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सृजन क्लब की ओर से सुजीत विश्वास ने 2 विकेट लिए, जबकि विजय, प्रकाश और अरिजीत को 1-1 विकेट मिला।
बेहतरीन गेंदबाज़ी प्रदर्शन के लिए राजन गोस्वामी को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें यह सम्मान अभिजीत दास द्वारा प्रदान किया गया।
शुक्रवार को लीग का अगला मुकाबला टी.टी. क्लब और अग्रणी संघ के बीच खेला जाएगा।





















