35 Views
उधारबंद में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
“शिव ज्ञाने जीव सेवा” के आदर्श को किया साकार
उधारबंद। “शिव ज्ञाने जीव सेवा” के पावन आदर्श को आत्मसात करते हुए उधारबंद श्री रामकृष्ण सारदा सेवा समिति के तत्वावधान में गुरुवार को भाटी ग्राम स्थित ठाकुर मंदिर प्रांगण में एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह सेवा कार्य रामकृष्ण मिशन, शिलचर के सहयोग से संपन्न हुआ।
शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ रामकृष्ण मिशन, शिलचर के पूज्य स्वामी गुणातीतानंद जी महाराज ने किया। इस अवसर पर समिति के पूर्व अध्यक्ष हरिहर चक्रवर्ती, वर्तमान अध्यक्ष देवतोश सेन, सामान्य सचिव किशोर भट्टाचार्य सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अपने आशीर्वचन में स्वामी गुणातीतानंद जी महाराज ने सेवा कार्यों के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। सामान्य सचिव किशोर भट्टाचार्य ने अपने संबोधन में समिति की स्थापना से लेकर अब तक किए जा रहे सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेरणा भारती के प्रतिनिधि निहार कांति राय को दिए साक्षात्कार में पूर्व अध्यक्ष हरिहर चक्रवर्ती, अध्यक्ष देवतोश सेन एवं सामान्य सचिव किशोर भट्टाचार्य ने बताया कि समिति अपने जन्मकाल से ही “शिव ज्ञाने जीव सेवा” के आदर्श पर चल रही है। समिति की शाखा ‘विवेकानंद पाठ मंदिर’ भी निरंतर सेवा गतिविधियों में सक्रिय रही है। यह स्वास्थ्य शिविर समिति की सेवा यात्रा में एक नया अध्याय है।
पूर्व अध्यक्ष हरिहर चक्रवर्ती ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपने विचारों से समाज में एक आध्यात्मिक क्रांति लाई थी। उन्होंने मानव को शिव स्वरूप मानकर उसकी सेवा करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा था— “जीव को शिव ज्ञान से पूजो, और इस नररूपी नारायण की सेवा का अवसर पाकर स्वयं को कृतज्ञ समझो; इससे चित्त की शुद्धि होती है।”
वर्तमान अध्यक्ष देवतोश सेन ने बताया कि रामकृष्ण मिशन, शिलचर वर्षों से इस प्रकार की सेवा गतिविधियाँ संचालित करता आ रहा है। अब उधारबंद श्री रामकृष्ण सारदा सेवा समिति भी नियमित रूप से इस चिकित्सा सेवा अभियान से जुड़ गई है। समिति के पदाधिकारियों ने भविष्य में प्रति माह इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की योजना भी व्यक्त की।
शिविर में लगभग 150 से अधिक रोगियों को नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाइयाँ वितरित की गईं। इस अवसर पर डॉ. अनिर्बाण दे, कनकदीप शर्मा, वर्णिका नाथ, रक्तिम दास, सुब्रत कुमार नंदी एवं विजय लक्ष्मी दास सहित अन्य चिकित्सक एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
इस पुनीत पहल का संचालन रामकृष्ण मिशन, शिलचर की भ्रमणशील चिकित्सा सेवा इकाई के निदेशकों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में समिति की कार्यकारिणी सदस्य कल्पना दास, शिल्पी राय, सुमोन देव, बसुदेव पाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समिति के इस सेवा प्रयास की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।





















