काछार जिला बार एसोसिएशन के 150 वर्ष पूर्ण होने पर समापन समारोह; मंत्री ने किया स्मारिका का लोकार्पण
शिलचर, 27 फरवरी। कछार जिला बार एसोसिएशन के सैसेंटेनियल (150 वर्ष) समारोह का समापन शुक्रवार शाम 4 बजे जिला बार एसोसिएशन परिसर में आत्मीय और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
समारोह का मुख्य आकर्षण एसोसिएशन की स्मारिका का लोकार्पण रहा, जिसका विमोचन असम सरकार के मंत्री ने किया। स्मारिका में एसोसिएशन की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, न्यायिक परंपरा तथा समाज के प्रति उसके महत्वपूर्ण योगदान का विस्तृत उल्लेख किया गया है।
कार्यक्रम के मंच पर एसोसिएशन के सह-सभापति पंकज कांति डे, सचिव नीलाद्रि राय, वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक पाल, यासीन अली मजूमदार, अनिल चंद्र डे, बिथिका आचार्य, प्रसेंजित डे एवं कस्तूरी होम चौधरी सहित अनेक प्रतिष्ठित विधिज्ञ उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कछार जिला बार एसोसिएशन की समृद्ध परंपरा, न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अधिवक्ताओं की भूमिका तथा समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 150 वर्षों की यह यात्रा केवल एक संस्था की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की न्यायिक विरासत का प्रतीक है।
समारोह के दौरान स्थानीय अधिवक्ता समुदाय ने एसोसिएशन की डेढ़ शताब्दी की उपलब्धियों का उत्सव मनाते हुए भविष्य में भी न्याय, सत्यनिष्ठा और सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।





















