35 Views
शिलचर में ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ का शुभारंभ, बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए जिला-व्यापी अभियान शुरू
शिलचर, 27 फरवरी। काछार जिले में बाल विवाह उन्मूलन के उद्देश्य से ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। नर्सिंगटोला मैदान से राज्यसभा सांसद कणाद पुरकायस्थ, डीआईजी जॉयश्री खेरसां, आई.बी. उबादिया तथा विजय पाल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
इस अवसर पर सांसद कणाद पुरकायस्थ ने कहा कि शिक्षा ही बाल विवाह रोकने की सबसे प्रभावी कुंजी है। उन्होंने केंद्र सरकार की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना तथा असम सरकार का बाल विवाह विरोधी अभियान का उल्लेख करते हुए बताया कि समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप राज्य में बाल विवाह की घटनाओं में लगभग 81 प्रतिशत तक कमी दर्ज की गई है।
यह जागरूकता रथ ‘एक्सेस टू जस्टिस फॉर चिल्ड्रेन’ कछार और उदिची के संयुक्त तत्वावधान में जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करेगा। अभियान के तहत ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला समन्वयक सुरज पाल ने आमजन से अपील करते हुए कहा, “बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा। सामूहिक प्रयास से ही हम बच्चों को सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य दे सकते हैं।”





















