23 Views
शिलचर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर साईंस ट्रायल ऑर्गनाइजेशन का आयोजन, कार्यशाला व प्रतियोगिताओं से जागरूकता का संदेश
शिलचर, 28 फरवरी: राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर साईंस ट्रायल ऑर्गनाइजेशन, शिलचर द्वारा सरस्वती शिशु निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रामपुर के सहयोग से एक प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की आचार्या श्रीमती रेनु बाला सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विज्ञान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संगठन के सह-उपाध्यक्ष तथा असम विश्वविद्यालय के पूर्व सीडीसी डॉ. विभास देव ने वैज्ञानिक सोच को समाज के विकास की आधारशिला बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से जिज्ञासा और प्रयोगधर्मिता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अनिल पाल, रागीब हुसैन चौधरी और राधु मोहन धर ने भी विज्ञान के सामाजिक उपयोग और नवाचार की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में उपयोगी ‘रंधन रहित खाद्य पदार्थों एवं उनके संरक्षण’ विषय पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसका संचालन अनिल पाल ने किया। वहीं रागीब हुसैन चौधरी ने तैरना न जानने वाले लोगों के लिए कम लागत में प्लास्टिक बोतलों की सहायता से लाइफ जैकेट बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने अत्यंत सराहा।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में विज्ञान प्रश्नोत्तरी और विज्ञान आधारित चित्रांकन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं आमजन की उल्लेखनीय उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।
साईंस ट्रायल ऑर्गनाइजेशन के प्रचार सचिव चंपक साहा ने एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।





















