13 Views
काठियातोली, नगांव में एकल ग्रामोथान फाउंडेशन के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण केंद्र (सिलाई प्रशिक्षण केंद्र) का भव्य उद्घाटन
काठियातोली, नगांव में एकल ग्रामोथान फाउंडेशन के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण केंद्र (सिलाई प्रशिक्षण केंद्र) का भव्य उद्घाटन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह केंद्र क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ किया गया है।
एकल ग्रामोथान फाउंडेशन एक सामाजिक संस्था है, जो एकल अभियान की प्रेरणा से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक उत्थान के विविध कार्यक्रम संचालित कर रही है। संस्था का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति तक विकास की धारा पहुँचाकर महिलाओं एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
उद्घाटन सत्र का शुभारंभ भारत माता एवं माँ सरस्वती के श्रीचरणों में पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम के मंच की अध्यक्षता हेतु सर्वप्रथम बेनुधर तोषा को आमंत्रित किया गया, तत्पश्चात अन्य गणमान्य अतिथियों ने मंच में आसान ग्रहण किया।
डब्ल्यू.ई.सी. काठियातोली के अध्यक्ष बेनुधर तोषा ने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए उद्घाटन सत्र के उद्देश्य को स्पष्ट किया। इसके पश्चात उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों का परिचय कराया गया तथा उन्हें असम की शान “फुलाम गमछा” से सम्मानित किया गया।
फाउंडेशन के उत्तर-पूर्व क्षेत्र के जोनल सुपरवाइज़र राहुल कुमार साह ने अपने संबोधन में एकल अभियान एवं एकल ग्रामोथान फाउंडेशन के उद्देश्यों तथा उत्तर-पूर्व में संचालित वर्तमान परियोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे केंद समाज को सशक्त बनाना में एक बड़ी भूमिक निभा रहे हैं । इसके उपरांत एकल अभियान नगांव जिला समिति के अध्यक्ष राधारमण खातोवाल ने एकल अभियान की गतिविधियों एवं काठियातोली में महिला सशक्तिकरण केंद्र की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए।
तिवा स्वायत्त परिषद के अध्यक्ष मदन बोरदोलोई ने एकल ग्रामोथान फाउंडेशन द्वारा जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता तृष्णा बोरा ने वर्तमान समय में महिला सशक्तिकरण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समाज के विकास हेतु महिलाओं को पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए फाउंडेशन का आभार भी व्यक्त किया।
काठियातोली उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र हजारिका ने प्रशिक्षणार्थी बहनों को शुभकामनाएँ दीं। सामाजिक कार्यकर्ता बीरेन मृधा ने इस दूरस्थ क्षेत्र में केंद्र की स्थापना के लिए फाउंडेशन का धन्यवाद ज्ञापित किया। एकल अभियान नगांव अंचल समिति के सचिव रतन बगड़िया ने केंद्र के दानदाताओं — अमेरिका निवासी श्रीमती अरुणिमा मिश्रा जी एवं श्री डी.वी. अयंगर श्रीनाथ जी — के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उपस्थित सभी जनों ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ दानदाताओं का अभिनंदन किया।
सम्पूर्ण उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण दानदाताओं को वर्चुअल माध्यम से दिखाया गया तथा वर्चुअल सत्र सभी के लिए खुला रखा गया। इस अवसर पर एकल ग्रामोथान फाउंडेशन के केंद्रीय कार्यालय से सदस्य, उत्तर-पूर्व क्षेत्र के पदाधिकारी, जोनल हेड पवन कुमार अग्रवाल एवं अनेक शुभचिंतक वर्चुअल रूप से जुड़कर समारोह में सहभागी बने। जोनल हेड पवन कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में काठियातोली में केंद्र की स्थापना हेतु सभी को हार्दिक बधाई दी तथा विशेष रूप से समिति सदस्यों की भूमिका को केंद्र के सफल संचालन में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में अंचल महिला समिति की अध्यक्ष बबीता बगड़िया, सदस्य सरिता अग्रवाल एवं संगीता पोद्दार, वनयात्रा प्रभारी सुधा अग्रवाल, रथ प्रभारी विद्यादेवी चौधरी, आंचल अभियान समिति सदस्य जगदीश सोलंकी एवं रघुबीर पुरिया, शंकरदेव शिशु निकेतन के प्रधानाचार्य परान बोरा, काठियातोली संच समिति के उपाध्यक्ष घनकांत दास, विश्व हिंदी परिषद कार्यकर्ता जेठू गंजू, प्रांत गौरक्षा प्रमुख गोपाल शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता नथमल अग्रवाल तथा निज काठियातोली ग्राम पंचायत की पार्षद पुनिमाई देवी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
केंद्र के द्वार पर नारियल फोड़कर विधिवत उद्घाटन किया गया। डब्ल्यू.ई.सी. काठियातोली के सचिव विजय गंजू और स्थानीय समाजसेवी खीरूद बोरा ने उद्घाटन की योजना में सहयोग प्रदान किया। संपूर्ण व्यवस्थाएँ संच प्रमुख संगीता पटैल के नेतृत्व में संपन्न हुईं। उद्घाटन समारोह की व्यवस्था को राज्य समन्वयक तुलसीदास चोचा ने केंद्र समन्वयक पोंचू पनिका एवं सिलाई प्रशिक्षिका कृष्णावती देवी ने संभाला।
समारोह का समापन सामूहिक “कल्याण मंत्र” के उच्चारण के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी जनों ने महिला सशक्तिकरण एवं समाज की समृद्धि की मंगलकामना की।





















