17 Views
नरसिंह मंदिर में दो दिवसीय श्याम जन्मोत्सव एवं वार्षिक उत्सव संपन्न
शिलचर, 2 मार्च: शहर के प्रसिद्ध नरसिंह मंदिर में श्याम भक्त मंडल द्वारा आयोजित दो दिवसीय श्याम जन्मोत्सव एवं वार्षिक उत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
उत्सव का शुभारंभ 27 फरवरी को प्रातः 7:30 बजे गोपाल अखाड़ा से निकली भव्य निशान यात्रा से हुआ। इसके पश्चात मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं ज्योत प्रज्ज्वलन किया गया। शाम को विशेष अतिथियों का सम्मान समारोह आयोजित हुआ तथा स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन की प्रस्तुति दी गई। रात्रि में आरती उपरांत प्रसाद वितरण किया गया।
दूसरे दिन शनिवार को प्रातः पंडित विजय शंकर पांडेय के मार्गदर्शन में विभिन्न मंदिरों के यजमानों द्वारा विधिवत यज्ञ संपन्न कराया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति प्रदान की। पुजारी अर्नेश मिश्रा ने आरती संपन्न कराई। श्याम बाबा की अखंड ज्योति से भक्तों को पूजन कराया गया।
दोपहर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सायंकाल छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता निभाई। गोहाटी से पधारे भजन गायक मनोज पंडित ने श्याम बाबा एवं अन्य देवी-देवताओं के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में कलाकारों एवं सहयोगियों को प्रबंधन समिति द्वारा सम्मानित किया गया तथा महाप्रसाद का वितरण किया गया।
वार्षिक उत्सव में राज्यसभा सांसद कणाद पुरकायस्थ सहित अनेकों विशिष्ट व्यक्तियों ने भाग लिया।
श्याम भक्त मंडल के अध्यक्ष कुंज बिहारी अग्रवाल, सचिव विकास सारदा सहित समस्त पदाधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए सभी भक्तों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





















