फॉलो करें

*हाइलाकांदी में युवती की मौत से सनसनी  नहाने का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, ज़हर देकर हत्या का आरोप मामा पर दो महीने बाद आरोपी गिरफ्तार*

63 Views
*हाइलाकांदी में युवती की मौत से सनसनी  नहाने का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, ज़हर देकर हत्या का आरोप मामा पर दो महीने बाद आरोपी गिरफ्तार*
संवाददाता हाइलाकांदी ११ मार्च:
हाइलाकांदी जिले में एक चौंकाने वाली, हृदयविदारक और निंदनीय घटना सामने आई है जिसने समाज में नैतिक पतन और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि रिश्तेदारी की आड़ में छिपे एक व्यक्ति की विकृत मानसिकता का शिकार एक युवती को होना पड़ा। घटना के सामने आते ही इलाके में भारी रोष और हलचल फैल गई है।
मृत युवती का नाम सामिना यासमीन लस्कर बताया गया है। वह कछार जिले के के भागाबाजार इलाके की रहने वाली थीं। जानकारी के अनुसार लगभग दो महीने पहले सामिना अपने मामा अबुल हुसैन चौधरी के हाइलाकांदी जिले स्थित घर घूमने आई थीं। रिश्तेदार के घर आने पर उनके साथ इतनी दर्दनाक घटना घटेगी, इसकी कल्पना न तो उन्होंने की थी और न ही उनके परिवार ने।
परिजनों के अनुसार एक दिन घर के तालाब में नहाने के दौरान आरोपी मामा अबुल हुसैन चौधरी ने चोरी-छिपे सामिना का वीडियो बना लिया। इसके बाद उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग शुरू की गई। आरोप है कि वीडियो सार्वजनिक करने का भय दिखाकर सामिना को मानसिक रूप से दबाव में रखा गया और आरोपी ने उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। इतना ही नहीं, बार-बार धमकी देकर उससे करीब एक लाख रुपये भी वसूल किए गए ऐसा भी परिवार का आरोप है।इस घटना के बाद सामिना यासमीन लस्कर मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गई थीं। लंबे समय से चल रहे इस अत्याचार के खिलाफ अंततः न्याय की मांग करते हुए उन्होंने स्थानीय विधायक जाकिर हुसैन लस्कर से भी संपर्क किया था ऐसी जानकारी सामने आई है। परिवार का दावा है कि मामला इलाके में उजागर होते ही आरोपी घबरा गया।इसके बाद घटना ने और भी भयावह रूप ले लिया। आरोप है कि सामिना को घर बुलाकर योजनाबद्ध तरीके से ज़हर दे दिया गया। ज़हर खाने से उनकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत हाइलाकांदी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन हालत अधिक खराब होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश सिलचर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी हालत और बिगड़ गई और रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।इस मौत से परिवार गहरे सदमे में है और साथ ही भारी आक्रोश भी जताया है। घटना के बाद सामिना की मां ने हैलाकांडी सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। लंबी जांच के बाद आखिरकार आरोपी अबुल हुसैन चौधरी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया गया है पुलिस ने यह जानकारी दी।परिजनों का कहना है कि यह केवल हत्या का मामला नहीं है बल्कि यह विश्वासघात महिला उत्पीड़न और सत्ता के दुरुपयोग का घिनौना उदाहरण है। उन्होंने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ जल्द से जल्द न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में किसी और महिला को इस तरह के अत्याचार का शिकार न होना पड़े। इधर घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी को उदाहरणात्मक सजा देने की मांग की है। जागरूक नागरिकों का कहना है कि यह सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं है बल्कि यह समाज की सुरक्षा और नैतिकता के संकट को भी उजागर करता है। यदि रिश्तों की सुरक्षित मानी जाने वाली जगहों में ही ऐसे अपराध होते हैं तो यह समाज के लिए बेहद चिंताजनक विषय है। साथ ही समाज को इस प्रकार के अपराधों के खिलाफ और अधिक जागरूक और मुखर होने की अपील भी की गई ।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल