बराक घाटी में ‘यमदूत’ बन रहे डंपर, श्रीभूमि जिले में भीषण सड़क दुर्घटना
बराक घाटी में लगातार हो रही डंपर दुर्घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा घटना में श्रीभूमि जिले के लामाजुआर के मिर्जापुर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-6 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, TR 01 AS 1762 नंबर के डंपर को पीछे से ML 11 8194 नंबर के दूसरे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि डंपर चालक राजू बड़भुइयां वाहन के अंदर ही बुरी तरह फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चालक राजू बड़भुइयां को वाहन से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत इलाज के लिए करिमगंज सिविल अस्पताल भेजा गया।
इस दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस की सक्रियता से धीरे-धीरे यातायात को सामान्य किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बराक घाटी में रोजाना डंपरों की वजह से दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि ओवरलोड डंपरों पर प्रशासन प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रहा है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।




















