उधारबंद में BJP का बड़ा फैसला: राजदीप ग्वाला को मिला टिकट, स्थानीय दावेदारों का विरोध हुआ बेअसर
उधारबंद (असम):
राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा की रणनीति एक बार फिर सफल होती नजर आई। लंबे समय से चल रही राजनीतिक चर्चाओं और कयासों के बीच गुरुवार को उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के लिए भाजपा ने लक्षीपुर के पूर्व विधायक राजदीप ग्वाला को उम्मीदवार घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि इस निर्णय की पटकथा पहले ही तैयार कर ली गई थी और केवल औपचारिक घोषणा बाकी थी। जैसे ही टिकट की घोषणा हुई, यह स्पष्ट हो गया कि स्थानीय स्तर पर दस से अधिक दावेदारों द्वारा किया जा रहा विरोध और आंदोलन पार्टी नेतृत्व के सामने टिक नहीं सका। इस फैसले ने यह भी साबित कर दिया कि अंतिम निर्णय में मुख्यमंत्री की भूमिका निर्णायक रही।
टिकट मिलने के तुरंत बाद राजदीप ग्वाला उधारबंद पहुंचे, जहां उन्होंने श्री श्री कांचा कांती माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में “राजदीप ग्वाला जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” के नारों से माहौल गूंज उठा।
इस दौरान राज्य चाय बागान मोर्चा समिति की सचिव सुनंदा कुर्मी समेत कई पदाधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की रणनीति का अहम हिस्सा है और इसका असर क्षेत्रीय राजनीति पर स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।

















