19 Views
दुलियाजान विधानसभा सीट पर मुकाबला रोचक, बीजेपी से रामेश्वर तेली और कांग्रेस के ध्रुव ज्योति गोगोई में टक्कर
दिलीप साह दुलियाजान २१ मार्च: दुलियाजान विधानसभा सीट पर मुकाबला रोचक, बीजेपी से रामेश्वर तेली तो वही कांग्रेस ने ध्रुव ज्योति गोगोई पर जताया भरोसा ।
आगामी २०२६ के विधानसभा चुनाव को लेकर दुलियाजान विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती नजर आ रही हैं। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में प्रमुख दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जिससे क्षेत्र में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने इस महत्वपूर्ण सीट से अनुभवी नेता रामेश्वर तेली को टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा है। रामेश्वर तेली का राजनीतिक अनुभव, संगठन पर पकड़ और क्षेत्र में मजबूत जनसंपर्क उन्हें एक मजबूत उम्मीदवार बनाता है। पार्टी नेतृत्व को विश्वास है कि उनके नाम पर मतदाताओं का समर्थन हासिल किया जा सकेगा। साथ ही, बीजेपी अपने विकास कार्यों, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा संगठनात्मक मजबूती को प्रमुख मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाने की तैयारी में है।
वहीं, कांग्रेस पार्टी ने युवा और ऊर्जावान शक्ति के रूप में ध्रुव ज्योति गोगोई को उम्मीदवार बनाया है। ध्रुव ज्योति गोगोई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में कुछ ज्यादा ही उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी उन्हें बदलाव, नई सोच और स्थानीय समस्याओं के समाधान के प्रतीक के रूप में पेश कर रही है अपने राजनीतिक प्रचार ।
उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही दोनों दलों के कार्यकर्ता सक्रिय हो गए हैं और घर-घर संपर्क अभियान, जनसभाएं और बैठकें शुरू हो चुकी हैं। दुलियाजान के शहरी और ग्रामीण इलाकों में चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं और आम जनता भी अब खुलकर अपनी राय व्यक्त करने लगी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार दुलियाजान विधानसभा सीट पर मुकाबला बेहद कड़ा और दिलचस्प होने वाला है। जहां एक ओर अनुभव और रूलिंग पार्टी की ताकत है, वहीं दूसरी ओर युवा ऊर्जा और बदलाव की उम्मीद है । ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि मतदाता किसे प्राथमिकता देते हैं।
फिलहाल, दुलियाजान की जनता के बीच विकास, रोजगार, सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी मुद्दे अहम बने हुए हैं। चुनाव परिणाम काफी हद तक इन मुद्दों और उम्मीदवारों की व्यक्तिगत छवि पर निर्भर करेगा।



















