36 Views
डॉ. राजदीप राय के खिलाफ आरोप राजनीतिक साजिश: भाजपा कछार जिला समिति
रानू दत्ता, शिलचर, 23 मार्च: भाजपा काछार जिला समिति ने शिलचर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी उम्मीदवार डॉ. राजदीप राय के खिलाफ इवेंट डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह से राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित और साजिश करार दिया है। सोमवार को काछार जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में यह बात कही गई।
जिला भाजपा के उपाध्यक्ष अभ्रजीत चक्रवर्ती ने कहा कि जय बरदिया द्वारा डॉ. राजदीप राय के खिलाफ बकाया राशि का दावा निराधार है और इसके समर्थन में कोई ठोस प्रमाण नहीं है। उन्होंने बताया कि जय बरदिया ने पहले जिला भाजपा अध्यक्ष को शिकायत सौंपी थी, जिस पर अध्यक्ष ने बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने का सुझाव दिया था। इसके बावजूद संबंधित पक्ष ने दोबारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले को सार्वजनिक किया, जो चुनाव से ठीक पहले किया जाना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में कोई शिकायत थी, तो उसे आपसी बातचीत से सुलझाया जा सकता था। चुनाव से ठीक पहले इस तरह के आरोप लगाना एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश की ओर इशारा करता है। डॉ. राजदीप राय ने भी स्पष्ट किया है कि किसी प्रकार का कोई बकाया लेन-देन नहीं है और शिलचर सिलेट उत्सव से संबंधित सभी भुगतान पहले ही निपटा दिए गए हैं।
इस मौके पर भाजपा नेता हीरक चौधरी ने भी कहा कि शिलचर से पार्टी उम्मीदवार डॉ. राजदीप राय अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। ऐसे समय में इस प्रकार के आरोप लगाना संदेह पैदा करता है और इसे राजनीतिक षड्यंत्र के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई भी उम्मीदवार इस तरह के कार्य में शामिल नहीं हो सकता और यह सब उनकी छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
पत्रकार सम्मेलन में अभ्रजीत चक्रवर्ती, हीरक चौधरी, दुलाल दास और पिकलू दास सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।




















