लोग इस बार बदलाव चाहते हैं: अभिजीत पाल
शिलचर, 24 मार्च (रानू दत्ता): आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर शिलचर में राजनीतिक माहौल गर्म हो चुका है। इसी क्रम में कांग्रेस प्रत्याशी अभिजीत पाल ने सत्तारूढ़ सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है।
मंगलवार को विवेकानंद रोड स्थित अपने चुनावी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों से शिलचर शहर के लोग बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में दिलीप कुमार पाल और दीपायन चक्रवर्ती के कार्यकाल में जलभराव और जल निकासी जैसी प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस और योजनाबद्ध कदम नहीं उठाए गए।
कांग्रेस उम्मीदवार ने वर्तमान भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजदीप रॉय पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सांसद रहने के दौरान वे अपेक्षित विकास कार्य करने में विफल रहे, जिससे जनता में निराशा है।
अभिजीत पाल ने कहा कि शिलचर के नागरिक आज जलभराव, ट्रैफिक जाम और पेयजल संकट जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि वे चुनाव जीतते हैं, तो इन मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में एआईसीसी मीडिया संयोजक निशाथ अब्बास सहित देवदीप दत्ता, सूर्यकांत सरकार, सौम्यदीप पुरकायस्थ, सजल बनिक और अनुपम पाल भी मौजूद थे।
उन्होंने अपने संबोधन में आगामी चुनाव के लिए अपनी विकास योजनाओं, रूपरेखा और जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को भी साझा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिलचर का समग्र विकास, बेरोजगारी की समस्या का समाधान और नागरिक सेवाओं में सुधार उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।




















