फॉलो करें

जनता के स्नेह से उधारबंद से चुनावी मैदान में उतरा हूं, किसी दबाव में नहीं: राजदीप ग्वाला 

31 Views
जनता के स्नेह से उधारबंद से चुनावी मैदान में उतरा हूं, किसी दबाव में नहीं: राजदीप ग्वाला 
विशेष प्रतिनिधि, शिलचर/उधारबंद, 28 मार्च: उधारबंद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार राजदीप ग्वाला ने स्पष्ट किया है कि वे किसी राजनीतिक दबाव में नहीं, बल्कि उधारबंद की जनता के स्नेह और समर्थन के कारण यहां से चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने उन चर्चाओं को खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा था कि मंत्री कौशिक राय के दबाव में उन्हें अपने पारंपरिक लखीपुर क्षेत्र को छोड़ना पड़ा।
राजदीप ग्वाला ने कहा कि लखीपुर के साथ उनका रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक है। “मैं लखीपुर का बेटा हूं और हमेशा रहूंगा। वहां के लोगों का प्यार मेरे साथ है, इसलिए किस सीट से चुनाव लड़ रहा हूं, यह उनके लिए ज्यादा मायने नहीं रखता,” उन्होंने कहा।
एक बांग्ला भाषी उम्मीदवार को नजरअंदाज करने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए ग्वाला ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम करती है और जाति या समुदाय आधारित राजनीति में विश्वास नहीं रखती। उन्होंने कहा कि उधारबंद में उनके प्रति ऐसी कोई भावना नहीं है।
बराक चाय श्रमिक यूनियन के दो नेताओं के एक ही सीट से चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा कि यूनियन एक स्वतंत्र संगठन है, जहां श्रमिकों के हित सर्वोपरि होते हैं। “राजनीतिक विचारधारा अलग हो सकती है, लेकिन श्रमिकों के मुद्दों पर सभी एकजुट रहते हैं,” उन्होंने जोड़ा।
अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी पर टिप्पणी करते हुए ग्वाला ने दावा किया कि उधारबंद में विपक्ष की कोई लहर नहीं है और जनता का समर्थन भाजपा के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के हित में उठाए गए कदमों के कारण यूनियन के कार्यकर्ता भी भाजपा के समर्थन में खड़े हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भाजपा 30 से 40 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेगी। उल्लेखनीय है कि पिछली बार भाजपा उम्मीदवार मिहिरकांति सोम ने महज 2200 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी।
वर्तमान विधायक के समर्थन को लेकर उठ रहे सवालों पर ग्वाला ने कहा कि मिहिरकांति सोम उनके साथ हैं और जल्द ही उनके समर्थन में प्रचार करेंगे।
उधारबंद की प्रमुख समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शिलचर से सटे इलाकों में नदी कटाव एक गंभीर मुद्दा है। “मैंने इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया है और उम्मीद है कि जल्द समाधान होगा,” उन्होंने कहा।
चुनाव जीतने के बाद प्राथमिकताओं के बारे में बताते हुए ग्वाला ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, तीर्थस्थलों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना, उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल