87 Views
शिलचर में भाजपा की विशाल शोभायात्रा, डॉ. राजदीप राय के नेतृत्व में विकास का आह्वान
प्रे.स. शिलचर, 31 मार्च
सोमवार को शिलचर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार डॉ. राजदीप राय के नेतृत्व में एक भव्य चुनावी शोभायात्रा निकाली गई। यह रैली विवेकानंद शिशु मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों—कॉलेज रोड, इस्कॉन टेंपल रोड, श्मशान रोड, देशबंधु रोड, सिविल अस्पताल रोड, अंबिकापट्टी, प्रेमतला और विमेंस कॉलेज क्षेत्र—से गुजरते हुए शिलोंगपट्टी स्थित एक होटल के पास समाप्त हुई।
शोभायात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया, जिससे क्षेत्र में भाजपा के प्रति जनसमर्थन और उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। पार्टी नेताओं के अनुसार, यह जनसैलाब भाजपा की विकासोन्मुख नीतियों और कार्यक्रमों के प्रति बढ़ते विश्वास का संकेत है।
रैली के दौरान “विकसित भारत, विकसित असम और विकसित शिलचर” का संकल्प दोहराया गया। नेताओं ने विकास, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर विधायक दीपायन चक्रवर्ती, मध्य शहर मंडल अध्यक्ष हीरक चौधरी, देबाशीष सोम, पूर्व नगर आयुक्त चामेली पाल तथा अमरेंद्र पाल सहित कई अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में शिलचर की जनता विकास के एजेंडे को प्राथमिकता देते हुए पार्टी को मजबूत समर्थन देगी।





















