फॉलो करें

हाइलाकांदी में गृह मतदान प्रक्रिया की जोरदार शुरुआत वरिष्ठ एवं विशेष रूप से सक्षम मतदाताओं के लिए प्रशासन की मानवीय पहल

26 Views
हाइलाकांदी में गृह मतदान प्रक्रिया की जोरदार शुरुआत वरिष्ठ एवं विशेष रूप से सक्षम मतदाताओं के लिए प्रशासन की मानवीय पहल

प्रीतम दास हाइलाकांदी, १ अप्रैल: आगामी असम विधानसभा २०२६ के आम चुनाव को ध्यान में रखते हुए हाइलाकांदी जिले में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अधिक समावेशी और जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से गृह मतदान (Home Voting) प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया है। जिले के १२१ नंबर एलएसी हाइलाकांदी तथा १२२ नंबर एलएसी अलगापुर-काटलिछड़ा क्षेत्रों में इस विशेष मतदान प्रक्रिया के सफल आरंभ से आम लोगों के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिला आयुक्त श्री अभिषेक जैन (आईएएस) इस महत्वपूर्ण पहल की निगरानी में स्वयं सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने गृह मतदान प्रक्रिया में लगे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित टीमों को सख्त निर्देश दिए हैं कि भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के सभी दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने पर उन्होंने विशेष जोर दिया।प्रशासन की ओर से बताया गया है कि गृह मतदान के दौरान प्रत्येक मतदाता की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। निर्धारित नियमों के तहत मतदान दल प्रत्येक मतदाता के घर जाकर मतदान संपन्न कर रहा है जहां चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारी, सुरक्षा कर्मी तथा आवश्यक पर्यवेक्षक उपस्थित रहते हैं। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की कोई गुंजाइश न रहे।इस पहल का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, शारीरिक रूप से अस्वस्थ तथा चलने-फिरने में असमर्थ मतदाताओं को उनके लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न होने देना है। कई वरिष्ठ मतदाताओं ने इस व्यवस्था में भाग लेकर प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है और इस मानवीय पहल का स्वागत किया है।जिला प्रशासन के अनुसार गृह मतदान केवल एक प्रक्रिया नहीं है बल्कि यह लोकतंत्र के प्रति एक मजबूत प्रतिबद्धता है जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना मुख्य लक्ष्य है। इस व्यवस्था के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया को अधिक सरल, सुलभ और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है।
उल्लेखनीय है कि आगामी चुनाव को लेकर हाइलाकांदी जिला प्रशासन ने पहले ही विभिन्न तैयारियां पूरी कर ली हैं और हर स्तर पर पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। गृह मतदान प्रक्रिया का सफल क्रियान्वयन इसी तैयारी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल