22 Views
उधारबंद में भाजपा को बड़ी मजबूती, 176 अल्पसंख्यक सदस्यों समेत कांग्रेस के 50 कार्यकर्ता हुए शामिल
चंद्रशेखर ग्वाला शिलचर, 2 अप्रैल : उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के मालुग्राम-रंगपुर मंडल अंतर्गत रंगपुर इलाके में भाजपा को उस समय बड़ी राजनीतिक बढ़त मिली, जब अल्पसंख्यक समुदाय के 176 सदस्यों सहित कांग्रेस के 50 कार्यकर्ताओं ने पार्टी का दामन थाम लिया।
यह शामिल होने का कार्यक्रम भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष मासुक अहमद लस्कर और उपाध्यक्ष अनिल शेठी के नेतृत्व में आयोजित एक जनसभा के दौरान संपन्न हुआ। इस मौके पर क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार राजद्वीप ग्वाला के समर्थन में सभी ने औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यसभा सांसद कनाद पुरकायस्थ ने जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।
सांसद पुरकायस्थ ने नए शामिल हुए सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके जुड़ने से उधारबंद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा और अधिक मजबूत होगी। वहीं, उन्होंने जनता से आगामी चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील भी की।





















