फॉलो करें

रामकृष्णनगर में गरजा भाजपा का चुनावी बिगुल, नीतिन नवीन ने भरी विजय हुंकार

33 Views
रामकृष्णनगर में गरजा भाजपा का चुनावी बिगुल, नीतिन नवीन ने भरी विजय हुंकार
शनबिल/रामकृष्णनगर, 5 अप्रैल:
असम विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए एक विशाल जनसभा आयोजित की। इस जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन ने पहली बार रामकृष्णनगर की धरती पर कदम रखते हुए पार्टी प्रत्याशी एवं विधायक विजय मालाकार के पक्ष में जोरदार प्रचार किया।
उनके आगमन पर स्थानीय विधायक, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। रामकृष्णनगर खेल मैदान में आयोजित इस जनसभा में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने क्षेत्र का राजनीतिक माहौल पूरी तरह बदल दिया।
सभा में मौजूद प्रमुख नेताओं में भाजपा के प्रदेश प्रभारी हरीश द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, जम्मू-कश्मीर के नेता सुनील शर्मा, सांसद कृपानाथ मल्लाह एवं कनाद पुरकायस्थ सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे।
विकास कार्यों पर जोर, विजय मालाकार की सराहना
सभा को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि रामकृष्णनगर को लंबे समय बाद एक सक्रिय और कर्मठ विधायक मिला है। उन्होंने कहा कि विजय मालाकार के नेतृत्व में क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य हुए हैं।
विधायक विजय मालाकार ने अपने भाषण में कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में राज्य में सड़क, शिक्षा, पेयजल, रोजगार और युवाओं के लिए कई योजनाओं पर तेजी से काम हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा तीसरी बार असम में सरकार बनाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि पिछले साढ़े छह वर्षों में रामकृष्णनगर में महिला कॉलेज, सड़क परियोजनाएं, ऑडिटोरियम, मेडिकल कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं, जो भाजपा सरकार की उपलब्धियां हैं।
नीतिन नवीन का संबोधन: “हर वोट से मजबूत होगा विकास”
राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन ने अपने संबोधन की शुरुआत माता कामाख्या के स्मरण से की और कहा कि रामकृष्णनगर में शांति और विकास का वातावरण भाजपा सरकार की देन है।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में असम में अभूतपूर्व विकास हुआ है और कानून-व्यवस्था में भी सुधार आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार हर घर तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
नीतिन नवीन ने जनता से अपील करते हुए कहा:
“आपका हर एक वोट सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि 2047 तक एक विकसित असम के निर्माण के लिए है। 9 अप्रैल को भाजपा को वोट देकर विकास की गति को और तेज करें।”
रामकृष्णनगर की इस विशाल जनसभा ने यह संकेत दिया कि चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा चुका है। भाजपा ने अपने शीर्ष नेताओं के माध्यम से क्षेत्र में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए जीत का दावा और भी मजबूत कर दिया है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल