28 Views
बाइक रैली में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन सैकड़ों बाइकों के काफिले से गूंज उठा हाइलाकांदी का चुनावी मैदान
प्रीतम दास हाइलाकांदी, ६ अप्रैल:
आगामी विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में पहुंचते ही हाइलाकांदी का राजनीतिक माहौल चरम पर पहुंच गया है। जैसे-जैसे मतदान की तिथि नजदीक आ रही है वैसे-वैसे सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के बीच प्रचार युद्ध तेज होता जा रहा है। इसी बीच भाजपा प्रत्याशी डॉ. मिलन दास ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। करीब ६०० बाइकों की विशाल रैली के माध्यम से उन्होंने पूरे जिले में चुनावी संदेश पहुंचाया।युवा मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य बाइक रैली की शुरुआत मणिपुर एमवी स्कूल मैदान से हुई। वहां से सैकड़ों बाइकों का काफिला १२१ नंबर हाइलाकांदी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में पहुंचा। एक के बाद एक गांव बाजार और महत्वपूर्ण क्षेत्रों का दौरा करते हुए यह रैली अंततः पांचग्राम में जाकर संपन्न हुई।
शुरुआत से ही रैली को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। लंबी बाइक कतार, पार्टी के झंडे और गूंजते नारों के बीच पूरा माहौल जनसैलाब में बदल गया। रैली के मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में आम लोग खड़े होकर इस शक्ति प्रदर्शन को देखते नजर आए। समर्थकों के जोश और नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा जिससे चुनावी माहौल और भी गरमा गया।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव के अंतिम चरण में इस तरह का शक्ति प्रदर्शन वोट समीकरण पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकता है। इससे जहां कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है वहीं आम मतदाताओं के बीच भी एक स्पष्ट संदेश पहुंचता है।उल्लेखनीय है कि हाइलाकांदी में इस बार चुनावी मुकाबला काफी कड़ा है। सभी राजनीतिक दल अंतिम समय में अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटे हुए हैं। इसके चलते सभाएं, रैलियां रोड शो और जनसंपर्क अभियान पूरे जिले में तेज हो गए हैं।जैसे जैसे मतदान की तिथि नजदीक आ रही है वैसे-वैसे चुनावी सरगर्मी और बढ़ती जा रही है। अब देखना यह है कि इस जोरदार प्रचार और शक्ति प्रदर्शन की दौड़ में अंततः जीत किसके हिस्से में आती है।




















