कछार के 281 नंबर मतदान केंद्र तक पहुंचना मुश्किल, कीचड़ से जूझ रहे मतदाता और पोलिंग कर्मी
काछार, 6 अप्रैल। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र कछार जिले के 116 नंबर काठीघोड़ा विधानसभा क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में स्थित 281 नंबर मतदान केंद्र की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। भारतमाला परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य के कारण मतदान केंद्र के आसपास का पूरा इलाका गहरे कीचड़ में तब्दील हो गया है, जिससे मतदाताओं और पोलिंग कर्मियों को वहां तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार एनएचडीसीएल (NHDCL) के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने कछार जिला आयुक्त और चुनाव आयोग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है।
इस मुद्दे को लेकर शालचापरा जीपी क्षेत्रीय पंचायत सदस्य आदित्य गिरी बड़पत्रा सिन्हा, भाजपा के 281 नंबर बूथ समिति अध्यक्ष प्रियव्रत सिन्हा, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता बाबूराम राय, प्रदीप सिन्हा, गोबिंद सिन्हा, सुरजीत सिन्हा और ज्योतिकांत सिन्हा सक्रिय रूप से प्रयासरत हैं।
स्थानीय प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो मतदान प्रक्रिया बाधित हो सकती है।



















