रामकृष्णनगर में 239 व 256 नंबर बूथों की संयुक्त बैठक, चुनावी रणनीति पर जोर
गौतम सरकार, शनबिल | 5 अप्रैल
श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर मंडल अंतर्गत ब्लॉक रोड स्थित प्रेक्षागृह में 239 और 256 नंबर बूथों के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण चुनावी बूथ सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल भाजपा के सामान्य सचिव एवं वार्ड नंबर 7 के पार्षद संदीप दत्ता ने की।
सभा में दोनों बूथों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित अतिथियों को पारंपरिक रूप से उत्तरिय पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विश्वतोष सेन ने कहा कि जिस प्रेक्षागृह में बैठक आयोजित की गई है, उसे शीघ्र ही आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। उन्होंने विधायक विजय मालाकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, महिला कॉलेज, जिला कार्यालय, नए पुलिस स्टेशन भवन, स्टेडियम और सड़कों सहित अनेक विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विकास की इस धारा को जारी रखने के लिए एकजुट होकर समर्थन दें। वहीं मंडल अध्यक्ष प्रीतम पाल ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद जो कार्य वर्षों तक अधूरे रहे, उन्हें पिछले सात वर्षों में पूरा कर दिखाया गया है। विधायक ने बिना किसी आग्रह के जनता की समस्याओं को समझकर समाधान किया है।
सभा में मंडल की सचिव दिपाली दास, उपाध्यक्ष सोनाली नाथ, दोनों बूथों के अध्यक्ष अनुपम दास एवं उत्तम दास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।



















