24 Views
लखीपुर में भाजपा की विशाल बाइक रैली, युवाओं का उमड़ा जनसैलाब
लखीपुर, 6 अप्रैल: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। इसी कड़ी में लखीपुर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी कौशिक राय के समर्थन में सोमवार सुबह एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया।
रैली की शुरुआत सुबह लगभग 10:00 बजे लावक चाय बागान फील्ड से हुई, जिसका नेतृत्व स्वयं प्रत्याशी कौशिक राय कर रहे थे। उनके साथ जिला परिषद सदस्य दिव्यज्योति बाउरी, राजेन ग्वाला, लाचित कुर्मी, सत्राजीत प्रजापति सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हजारों की संख्या में युवाओं ने बाइक और स्कूटी पर सवार होकर भाजपा के झंडे लहराते हुए रैली में भाग लिया। गगनभेदी नारों के साथ पूरे क्षेत्र का माहौल चुनावी रंग में रंग गया। यह रैली लावक से निकलकर दीवान चाय बागान, बड़थल, जयपुर, पैलापुल, फुलेरतल, दिलखुश, बिनाकांदी घाट और छोटा मामदा होते हुए बिनाकांदी चाय बागान फील्ड में जाकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान रास्ते में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों का उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ते गए। विशेष रूप से युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया।
इस अवसर पर कौशिक राय ने कहा कि क्षेत्र की जनता का स्नेह और विश्वास उन्हें निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि लखीपुर सहित पूरे बराक घाटी में भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और पार्टी इस बार 10 से 11 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।



















