शिलचर में निर्दलीय उम्मीदवार सुब्रत चंद का जनसंपर्क तेज, त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
शिलचर, 07 अप्रैल:
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर शिलचर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। निर्दलीय उम्मीदवार सुब्रत चंद इन दिनों व्यापक जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं और विभिन्न इलाकों में जाकर मतदाताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं।
जनसंपर्क के दौरान स्थानीय लोगों में कांग्रेस और भाजपा के प्रति असंतोष देखने को मिल रहा है। कई मतदाताओं ने आरोप लगाया कि वर्षों से “विकास” के नाम पर सिर्फ होर्डिंग्स और बैनर लगाए गए, जबकि जमीनी स्तर पर अपेक्षित कार्य नहीं हुआ।
इस संबंध में सुब्रत चंद ने कहा कि भाजपा के सांसद राजदीप राय के कार्यकाल में क्षेत्र में कोई ठोस विकास नहीं हुआ, वहीं कांग्रेस पर भी उन्होंने लंबे समय तक भ्रष्टाचार फैलाने का आरोप लगाया।
सुब्रत चंद के समर्थकों का मानना है कि इस बार शिलचर में मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है, जिससे चुनाव और भी दिलचस्प बन गया है।
निर्दलीय उम्मीदवार ने यह भी आश्वासन दिया कि चुनाव परिणाम चाहे जो भी हो, वे शिलचर की जनता के साथ हमेशा खड़े रहेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।




















