धोलाई में प्रचार के अंतिम दिन जनसैलाब के बीच गरजे अमित शाह, चुनावी माहौल चरम पर
धोलाई विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन एक विशाल जनसभा ने पूरे इलाके का राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया। इस जनसभा में देश के गृह मंत्री अमित शाह ने भाग लेकर भाजपा के पक्ष में माहौल को और मजबूत किया। भाजपा प्रत्याशी अमिय कांती दास के समर्थन में आयोजित इस रैली में भारी जनसमूह उमड़ा, जिससे क्षेत्र में चुनावी उत्साह स्पष्ट रूप से नजर आया।
सभा में पार्टी के राष्ट्रीय सह-उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, जिला अध्यक्ष रूपम साहा, मंत्री कौशिक राय, नेत्री कविता पाटीदार सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अमित शाह ने अवैध घुसपैठ के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने शिलचर में बने एलिवेटेड कॉरिडोर, ओवरब्रिज, नए रोजगार के अवसर, चाय बागान श्रमिकों की मजदूरी वृद्धि, एयरपोर्ट और मेडिकल कॉलेज जैसे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
अंतिम दिन तेज हुआ जनसंपर्क अभियान
प्रचार के अंतिम दिन धलाई के विभिन्न इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर के सदस्यों ने घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया। इसके साथ ही छोटी-छोटी रैलियों और पदयात्राओं के जरिए आम जनता तक पहुंचने का प्रयास किया गया।
भाजपा प्रत्याशी अमिय कांती दास ने सोशल मीडिया के माध्यम से भावनात्मक संदेश जारी करते हुए खुद को धलाईवासियों के परिवार का सदस्य बताया। उन्होंने 9 अप्रैल को ईवीएम में ‘कमल’ निशान (1 नंबर बटन) दबाकर उन्हें विजयी बनाने की अपील की और क्षेत्र के समग्र विकास का संकल्प दोहराया।
सभा के अंत में अमित शाह ने एक बार फिर जनता से आह्वान किया कि विकास और स्थिरता के लिए कमल के पक्ष में मतदान कर अमिय कांती दास को विजयी बनाएं।
प्रचार के अंतिम दिन की यह विशाल रैली, व्यापक जनसंपर्क अभियान और प्रत्याशी का भावनात्मक संदेश यह संकेत दे रहा है कि धलाई में चुनावी मुकाबला अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है।




















