फॉलो करें

शिलचर में बदलाव की मांग तेज, भाजपा से असंतुष्ट जनता : अभिजीत पाल

37 Views
शिलचर में बदलाव की मांग तेज, भाजपा से असंतुष्ट जनता : अभिजीत पाल
शिलचर, 7 अप्रैल (रानु दत्ता):
दक्षिण असम के प्रमुख शहर शिलचर में इस बार बदलाव की मांग जोर पकड़ रही है। कांग्रेस प्रत्याशी अभिजीत पाल ने मंगलवार को शिलचर स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है, जिससे आम जनता में गहरा असंतोष व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि राज्य का दूसरा सबसे बड़ा शहर होने के बावजूद शिलचर आज भी जलभराव, जल निकासी, पेयजल संकट और यातायात जाम जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजदीप राय पर निशाना साधते हुए अभिजीत पाल ने आरोप लगाया कि सांसद रहते हुए उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष सोजल आचार्य, वरिष्ठ नेता अरुण दत्ता मजूमदार, सीमांत भट्टाचार्य, सुजन दत्ता और सोजल बनिक सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे। अभिजीत पाल ने कहा कि यदि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला, तो वे प्राथमिकता के आधार पर शहर की जल निकासी व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति और बेरोजगारी जैसी समस्याओं का समाधान करेंगे।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि शिलचर जिला पुस्तकालय का निर्माण कार्य पिछले नौ वर्षों से अधूरा पड़ा है, जबकि बाईपास परियोजना भी 11 वर्षों में पूरी नहीं हो सकी। लॉजिस्टिक पार्क और राष्ट्रीय राजमार्ग के विकास को लेकर भी भाजपा ने केवल वादे किए, लेकिन धरातल पर कोई ठोस प्रगति नहीं हुई।
अभिजीत पाल ने कहा कि अमृत योजना के क्रियान्वयन में भी सरकार विफल रही है और नगर निगम चुनाव तक समय पर नहीं करवा पाई, जिससे नागरिक सुविधाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा केवल प्रधानमंत्री Narendra Modi के नाम पर वोट मांग रही है, जबकि स्थानीय मुद्दों की अनदेखी की जा रही है।
अपने चुनावी एजेंडे को स्पष्ट करते हुए अभिजीत पाल ने कहा कि शिलचर के समग्र विकास, रोजगार सृजन और नागरिक सेवाओं के सुधार को ही उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और लोग इस बार बदलाव के पक्ष में हैं।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल