शिलचर में 29 विद्यालयों के HSLC टॉपर्स का भव्य सम्मान, विधायक दीपायन चक्रवर्ती ने किया अभिनंदन
शिलचर विधानसभा क्षेत्र के 29 विद्यालयों के HSLC परीक्षा 2025–2026 के स्कूल टॉपर्स को सम्मानित करने के उद्देश्य से गुरुवार शाम गांधी भवन में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विधायक दीपायन चक्रवर्ती की पहल पर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपायन चक्रवर्ती ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इन छात्रों की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। साथ ही उन्होंने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर गुरुचरण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. निरंजन राय, काछाड़ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अप्रतिम नाग, विमेंस कॉलेज के जीबी अध्यक्ष बुद्धदेव चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके अलावा मंडल अध्यक्ष हीरक चौधरी, दुलाल दास, पिकलू दास, शतदल भट्टाचार्य सहित अन्य प्रमुख व्यक्तियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
समारोह में 100% उत्तीर्ण परिणाम हासिल करने वाले सूर्यमुखी उच्च माध्यमिक विद्यालय और श्यामाचरण देव विद्यालय को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नीलांजन पाल एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत मधुर संगीत से हुई, जिसने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
अंत में सभी टॉपर्स को प्रमाण पत्र और सम्मान चिह्न प्रदान कर कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर मृदुल मजूमदार, कंचन सिंह, इंद्राणी भट्टाचार्य, संजय राय, पली भट्टाचार्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कुल मिलाकर 29 विद्यालयों के टॉपर्स को इस गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया।




















