फॉलो करें

उधारबंद में भगवा लहर, कांग्रेस का सफाया

41 Views
उधारबंद में भगवा लहर, कांग्रेस का सफाया
भाजपा प्रत्याशी राजदीप ग्वाला ने लगभग 56 हजार वोटों से दर्ज की ऐतिहासिक जीत
उधारबंद विधानसभा क्षेत्र में इस बार पूरी तरह भगवा लहर देखने को मिली। भाजपा प्रत्याशी राजदीप ग्वाला ने कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री अजीत सिंह को लगभग 56 हजार मतों के भारी अंतर से पराजित कर शानदार जीत हासिल की। वहीं तृणमूल कांग्रेस के एक अन्य प्रत्याशी तापस दास को मात्र 1236 वोटों से संतोष करना पड़ा।
इस चुनाव में उधारबंद सीट राज्य की चर्चित सीटों में शामिल रही। मुख्यमंत्री डा. हिमंत विश्वशर्मा द्वारा लखीपुर के पूर्व विधायक राजदीप ग्वाला को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद भाजपा के अंदर ही असंतोष उभर आया था।
भाजपा के भीतर टिकट के लिए करीब दस स्थानीय नेता दावेदार थे। पूर्व विधायक मिहिर कांति सोम भी टिकट की दौड़ में शामिल थे। लेकिन पार्टी नेतृत्व ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए राजदीप ग्वाला को उम्मीदवार घोषित किया। इसके बाद नाराज नौ दावेदारों ने जिला अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया। वहीं मिठुन नाथ ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर राजनीतिक समीकरण को और जटिल बना दिया।
हालांकि बाद में मिठुन नाथ ने अपना नामांकन वापस ले लिया और धीरे-धीरे पार्टी के भीतर का असंतोष भी कम होता गया। भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर राजदीप ग्वाला के समर्थन में मैदान में उतर गए, जिससे चुनावी लड़ाई भाजपा के पक्ष में मजबूत होती चली गई।
चुनाव प्रचार के दौरान ही यह संकेत मिलने लगे थे कि उधारबंद सीट भाजपा के कब्जे में बनी रह सकती है। दूसरी ओर कांग्रेस ने भी पूरी ताकत झोंक दी थी और पूर्व मंत्री अजीत सिंह को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोचक बनाने का प्रयास किया। लेकिन मतदाताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की जनकल्याणकारी योजनाओं पर भरोसा जताते हुए भाजपा को प्रचंड समर्थन दिया।
उधारबंद की जनता ने इस चुनाव में भाजपा के पक्ष में खुलकर मतदान कर यह स्पष्ट संदेश दिया कि वे विकास और स्थिर नेतृत्व के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं। अब क्षेत्र की जनता की निगाहें नव निर्वाचित विधायक राजदीप ग्वाला पर टिकी हैं कि वे उधारबंद में किस प्रकार का विकास और परिवर्तन लेकर आते हैं।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल