बराक घाटी में स्थायी हाईकोर्ट बेंच की मांग फिर तेज, विश्व हिंदू परिषद लीगल सेल ने मुख्य न्यायाधीश को भेजा ज्ञापन
शिलचर, 7 मई : बराक घाटी में गुवाहाटी हाईकोर्ट की स्थायी बेंच स्थापना की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती दिखाई दे रही है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) लीगल सेल, दक्षिण असम प्रांत की ओर से बुधवार को स्पीड पोस्ट के माध्यम से गुवाहाटी हाईकोर्ट के माननीय मुख्य न्यायाधीश को एक विस्तृत ज्ञापन प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में बराक घाटी के किसी भी उपयुक्त स्थान पर गुवाहाटी हाईकोर्ट की स्थायी बेंच स्थापित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से उठाया गया है। संगठन ने कहा कि यह केवल प्रशासनिक सुविधा का विषय नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त समान न्याय तक पहुंच के मौलिक अधिकार से जुड़ा हुआ मुद्दा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में बराक घाटी के आम नागरिकों, अधिवक्ताओं तथा अन्य संबंधित पक्षों को गुवाहाटी स्थित मुख्य पीठ तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय, आर्थिक संसाधनों और मानसिक परेशानी का अतिरिक्त बोझ पड़ता है, जो न्याय प्राप्ति की प्रक्रिया को कठिन बना देता है।
विहिप लीगल सेल ने अपने ज्ञापन में यह भी कहा कि यदि बराक घाटी में स्थायी हाईकोर्ट बेंच स्थापित की जाती है, तो न्यायिक व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी, मामलों के त्वरित निपटारे में सहायता मिलेगी तथा आम लोगों के लिए न्याय प्रक्रिया अधिक सुलभ और सुविधाजनक हो जाएगी।
संगठन ने इस क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे मामलों और न्यायिक आवश्यकताओं का उल्लेख करते हुए विकेंद्रीकृत न्यायिक ढांचे की आवश्यकता पर भी जोर दिया। ज्ञापन में माननीय मुख्य न्यायाधीश से बराक घाटी की जनभावनाओं और व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया गया है।



















