फॉलो करें

समाजसेवी जगन्नाथ सालिया का निधन, बुबरीघाट में शोक की लहर

22 Views
समाजसेवी जगन्नाथ सालिया का निधन, बुबरीघाट में शोक की लहर

रंजीत कोईरी, पाथरकांदी, 08 मई:

बुबरीघाट चाय बागान क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी जगन्नाथ सालिया (पट्टी) का बुधवार रात निधन हो गया। उन्होंने रात करीब 11 बजे अपने निवास स्थान पर अंतिम सांस ली। निधन के समय उनकी आयु 77 वर्ष थी। उनके निधन की खबर फैलते ही बुबरीघाट सहित पूरे पाथरकांदी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, अचानक सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ होने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनका निधन हो गया। गुरुवार को बुबरीघाट श्मशान घाट में पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वर्गीय जगन्नाथ सालिया अपने पीछे 6 पुत्र, 2 पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार एवं अनेक शुभचिंतकों को छोड़ गए हैं। वे अत्यंत मिलनसार, सरल और समाजसेवी स्वभाव के व्यक्ति थे। व्यवसाय से जुड़े होने के कारण समाज के सभी वर्गों के लोगों के साथ उनके घनिष्ठ संबंध थे। क्षेत्र में किसी भी सुख-दुःख के अवसर पर वे हमेशा लोगों के साथ खड़े रहते थे, जिसके कारण समाज में उनका विशेष सम्मान था।

उल्लेखनीय है कि उनके पुत्र जय हरि सालिया बुबरीघाट ग्राम पंचायत के आंचलिक पंचायत सदस्य हैं। वहीं एक अन्य पुत्र जय गणेश सालिया वर्तमान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चांदखीरा खंड के खंड कार्यवाह के रूप में दायित्व निभा रहे हैं। उनके पुत्र जय राम सालिया प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं, राजू सालिया व्यवसायी हैं, जयगुरु सालिया डीडीआरएफ में कार्यरत हैं तथा जयकृष्ण सालिया रोजगार विनिमय कार्यालय में सेवाएं दे रहे हैं।

जगन्नाथ सालिया के निधन पर पाथरकांदी क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं व्यावसायिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल