फॉलो करें

काठीघोड़ा में मासूम छात्र शाकिबुल की मौत से शोक की लहर, लापरवाही के आरोपों पर उठे सवाल

24 Views
काठीघोड़ा में मासूम छात्र शाकिबुल की मौत से शोक की लहर, लापरवाही के आरोपों पर उठे सवाल

काठीघोड़ा के एक निजी विद्यालय में कक्षा के दौरान हुई दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले पांच वर्षीय छात्र शाकिबुल आलम का जनाजा गुरुवार देर रात बेहद गमगीन माहौल में संपन्न हुआ। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मासूम का शव गंगापुर स्थित उसके घर पहुंचा, परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और स्थानीय लोग फूट-फूट कर रो पड़े। पूरे इलाके में मातम का माहौल छा गया।

बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में छोटे शाकिबुल को अंतिम विदाई दी गई। उसकी असमय मौत से काठीघोड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग अब भी स्तब्ध हैं। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे बराक घाटी में गहरी संवेदना और आक्रोश पैदा कर दिया है।

घटना को लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर बच्चे की मौत कैसे हुई, इसे लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। शुरुआत में कहा गया कि पानी की बोतल का ढक्कन गले में फंसने से उसकी मौत हुई। बाद में चर्चा हुई कि चिप्स या नूडल्स गले में अटक जाने से दम घुटा। हालांकि अब तक मौत के वास्तविक कारण को लेकर आधिकारिक रूप से स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

इधर, इस मामले में स्कूल की प्राचार्या और दो शिक्षिकाओं की भूमिका को लेकर भी लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर तीनों के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है। आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि जब शाकिबुल की तबीयत बिगड़ी, तब एक अन्य बच्चे ने शिक्षिकाओं को इसकी जानकारी दी, लेकिन उन्होंने तत्काल ध्यान नहीं दिया और आपस में बातचीत में व्यस्त रहीं।

वहीं, घटना के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान स्कूल की प्रधानाचार्या के व्यवहार को लेकर भी लोगों में आक्रोश है। कई लोगों ने उनके रवैये को असंवेदनशील बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।

इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय निवासी निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर मुखर हो गए हैं। लोगों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

गौरतलब है कि गुरुवार को काठीघोड़ा स्थित “होली फ्लावर” नामक निजी स्कूल में केजी-1 के छात्र शाकिबुल आलम की कक्षा के भीतर दम घुटने से मौत हो गई थी। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल