13 Views
पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय मासिमपुर के विद्यार्थियों ने लहराया सफलता का परचम
पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय मासिमपुर का कक्षा 12वीं का परिणाम रहा शत-प्रतिशत, विद्यार्थियों ने रचा उत्कृष्टता का इतिहास
केन्द्रीय विद्यालय संगठन के अंतर्गत संचालित पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय मासिमपुर ने इस वर्ष कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में शानदार सफलता प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के प्राचार्य “डॉ हरपाल सिंह” के कुशल नेतृत्व, शिक्षकों की मेहनत तथा विद्यार्थियों के अनुशासित परिश्रम का परिणाम रहा कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के सभी 79 विद्यार्थी परीक्षा में सफल घोषित हुए, जिससे विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का वातावरण व्याप्त है।
विद्यालय की मेधावी छात्रा दिशा चौधरी ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ‘टॉप’ श्रेणी में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। वहीं मुख्य विषयों में उन्होंने 96.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।ग़ौरतलब है कि दशवीं का परिणाम भी शत प्रतिशत रहा है ।
विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों को देखते हुए मासिमपुर विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर रजत मोहन भट्ट ने विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किया है और यह सफलता शिक्षकों की निष्ठा, विद्यार्थियों की लगन तथा विद्यालय प्रशासन के समर्पण का प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने की आशा व्यक्त की।
इस अवसर पर केन्द्रीय विद्यालय के अधिकारियों ने भी शुभकामनाएँ दीं,डॉ अनुराग यादव उपायुक्त केन्द्रीय विद्यालय सिलचर संभाग , ने भी विद्यालय परिवार को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि पीएम श्री के० वि० मासिमपुर लगातार शैक्षिक उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और यह परिणाम विद्यालय की गुणवत्ता-युक्त शिक्षा व्यवस्था को दर्शाता है।
सिलचर संभाग के सहायक आयुक्त श्री सत्यवीर सिंह एवं श्री अनन्त कुमार सीत ने भी विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में जो उपलब्धि हासिल की है, वह पूरे क्षेत्रीय कार्यालय के लिए गर्व का विषय है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ हरपाल सिंह ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने इस सफलता का संपूर्ण श्रेय विद्यालय के अधिकारियों, सभी शिक्षकों तथा विद्यार्थियों की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रत्येक शिक्षक विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहता है और यही समर्पण आज उत्कृष्ट परिणामों के रूप में सामने आया है।
प्राचार्य महोदय ने यह भी कहा कि विद्यालय केवल शैक्षिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के नैतिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में और अधिक मेहनत करने तथा देश एवं समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने का संदेश दिया।





















