34 Views
27 वर्षों के संघर्ष को मिली सफलता : लखीपुर जिला क्रीड़ा संस्था को मिला स्थायी सदस्यता अधिकार।
चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर, 18 मई : बराक घाटी के खेल जगत के लिए आज का दिन ऐतिहासिक, गौरवपूर्ण और यादगार बन गया, जब लंबे 27 वर्षों के अथक प्रयास, संघर्ष और समर्पण के बाद लक्षीपुर जिला क्रीड़ा संस्था को असम क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से मतदान अधिकार सहित स्थायी सदस्यता प्रदान की गई।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए लखीपुर जिला क्रीड़ा संस्था के अध्यक्ष राजदीप ग्वाला ने कहा कि यह केवल एक संस्था की सफलता नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के खेल प्रेमियों के सपनों, एकता और निरंतर प्रयासों की जीत है। उन्होंने कहा कि इस गौरवपूर्ण उपलब्धि का हिस्सा बनना उनके लिए अत्यंत सम्मान और गर्व की बात है।
उन्होंने आगे कहा कि संस्था ने पिछले 27 वर्षों में खेलों के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और क्रिकेट संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया है। आज मिली यह मान्यता उसी समर्पण और संघर्ष का परिणाम है। राजदीप ग्वाला ने इस सफलता के पीछे योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था को आगे बढ़ाने में अनेक व्यक्तियों का सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद मिला, जिसके कारण यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हो सकी।
उन्होंने विशेष रूप से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के माननीय महासचिव देबजीत सईकिया, असम क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष तरंग गोगोई सहित असम क्रिकेट एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सकारात्मक प्रयासों से ही लक्षीपुर जिला क्रीड़ा संस्था को यह सम्मानजनक स्थान प्राप्त हुआ है।
खेल प्रेमियों का मानना है कि इस उपलब्धि से न केवल लक्षीपुर बल्कि पूरे बराक घाटी के खेल ढांचे को नई मजबूती मिलेगी और आने वाले दिनों में यहां के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।





















