19 Views
राष्ट्रीय राजमार्ग- 27 पर बड़ी कार्रवाई , 21,600 बोतल कोडीन कफ सिरप बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार।
चंद्रशेखर ग्वाला शिलचर, 22 मई : काछाड़ पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर बड़खोला थाना अंतर्गत पुटीछोड़ा टोल गेट के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग -27 पर नाका जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान एक संदिग्ध छह पहिया ट्रक (पंजीकरण संख्या AS 01 PC 8530) को रोका गया। स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति तथा वीडियोग्राफी के बीच वाहन की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन फॉस्फेट कफ सिरप बरामद किया गया।
पुलिस ने ट्रक से कुल 21,600 बोतल कोडीन फॉस्फेट सिरप (144 कार्टून में प्रत्येक में 150 बोतल) जब्त किए। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और उक्त ट्रक को भी कब्जे में लिया गया। बरामद किया गया मादक पदार्थों का बाजार मूल्य लगभग दो करोड़ रुपये बताया गया।
बॉर्डर डीएसपी रिमांक बरुआ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल से त्रिपुरा में तस्करी के उद्देश्य से यह खेप ले जाई जा रही थी।
घटनास्थल से ट्रक चालक मिथुन सरकार उर्फ मतिन सरकार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी त्रिपुरा के वेस्ट त्रिपुरा जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
काछाड़ पुलिस की लगातार मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाइयों से आम लोगों में राहत और सुरक्षा की भावना बढ़ी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




















