फॉलो करें

भारतीय भाषा ग्रीष्म शिविर 2026 : विविध भाषाओं और संस्कृति का अनूठा संगम

24 Views
भारतीय भाषा ग्रीष्म शिविर 2026 : विविध भाषाओं और संस्कृति का अनूठा संगम
पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय, मसिमपुर में भारतीय भाषा ग्रीष्म शिविर 2026 का सफल आयोजन 18 मई से 24 मई 2026 तक प्राचार्य डॉ. हरपाल सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की विविध भाषाओं एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना था। पूरे सप्ताह विद्यालय का वातावरण भाषाई एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जीवंत बना रहा।
इस शिविर में विद्यार्थियों को असमिया, बांग्ला तथा नागामीज़ भाषाओं का प्रशिक्षण दिया गया। पहले दिन से ही विद्यार्थियों ने अभिवादन, परिचय, वर्णमाला, संख्याएं एवं हस्ताक्षर करना सीखा। फ्लैश कार्ड, रोल प्ले तथा संवाद अभ्यास के माध्यम से बच्चों ने नई भाषाओं को बड़े उत्साह से आत्मसात किया।
दूसरे और तीसरे दिन विद्यार्थियों ने वास्तविक जीवन की परिस्थितियों जैसे बाजार में खरीदारी, बस स्टॉप पर बातचीत, दिशा पूछना आदि पर आधारित संवाद अभ्यास किया। साथ ही संगीत, नृत्य एवं चित्रकला के माध्यम से स्थानीय संस्कृति को समझने का प्रयास किया गया। बच्चों ने विभिन्न भाषाओं के गीतों पर समूह प्रस्तुति दी और पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन भी किया।
चौथे दिन स्थानीय व्यंजनों एवं मसालों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में पारंपरिक व्यंजन बनाने की प्रक्रिया को समझा। यह गतिविधि बच्चों के लिए अत्यंत रोचक और ज्ञानवर्धक रही।
पांचवें दिन सांस्कृतिक जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया गया। विद्यार्थियों को स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों, कलाकारों एवं महान व्यक्तित्वों के बारे में बताया गया। लघु फिल्में, कठपुतली नाटक तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भाषा सीखने को और अधिक आकर्षक बनाया गया।
छठे दिन इतिहास एवं भूगोल से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें विद्यार्थियों ने नदियों, पर्वतों एवं ऐतिहासिक स्थलों के नाम संबंधित भाषाओं में सीखे। एटलस एवं ऑडियो-विजुअल सामग्री का भी उपयोग किया गया।
अंतिम दिन पारंपरिक खेलों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। अंताक्षरी, शब्द श्रृंखला, टंग ट्विस्टर जैसी भाषा आधारित गतिविधियों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे शिविर के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिससे विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का अवसर मिला।
इस अवसर पर अभिभावक, समुदाय के सदस्य एवं वीएमसी (विद्यालय प्रबंधन समिति) के सदस्य भी उपस्थित रहे और उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना की। समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही सामुदायिक भोजन (कम्युनिटी लंच) का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने मिलकर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में सिलचर संभाग के सहायक आयुक्त श्री सत्यवीर सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और इस पहल की प्रशंसा की।
यह शिविर न केवल भाषाई ज्ञान बढ़ाने का माध्यम बना, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक सम्मान एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत करने में सफल रहा। विद्यालय परिवार भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं शिक्षाप्रद कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share this post:

Leave a Comment

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल